हिमाचल

हिमाचल के जंगल में मिली 30 वर्षीय युवक की देह

हिमाचल प्रदेश के सिरमौर जिले से एक सनसनीखेज मामला सामने आया है। औद्योगिक क्षेत्र कालाअंब के अंतर्गत खैरी के जंगलों में 30 वर्षीय युवक का शव मिलने से पूरे इलाके में हड़कंप मच गया है। शव की हालत देखकर हर कोई हैरान है और इलाके में तरह-तरह की चर्चाएं शुरू हो गई हैं। अब सवाल उठ रहे हैं कि युवक ने आत्महत्या की है या फिर उसकी हत्या कर शव को जंगल में फेंका गया है।

जानकारी के मुताबिक शनिवार रात कुछ स्थानीय लोग खैरी क्षेत्र के जंगल की ओर गए हुए थे। इसी दौरान उनकी नजर जंगल में पड़े एक शव पर पड़ी। शव देखते ही लोगों में अफरा-तफरी मच गई और तुरंत इसकी सूचना पुलिस को दी गई। सूचना मिलते ही पुलिस टीम मौके पर पहुंची और जांच शुरू कर दी।

प्रारंभिक जांच में मृतक की पहचान 30 वर्षीय लखविंद्र सिंह निवासी लट्ठे माजरी, नारायणगढ़ हरियाणा के रूप में हुई है। पुलिस के अनुसार शव कई दिन पुराना लग रहा है, जिससे मामला और भी रहस्यमयी बन गया है।

घटना के बाद पूरे क्षेत्र में चर्चा का माहौल है। लोग सवाल उठा रहे हैं कि आखिर युवक की मौत किन परिस्थितियों में हुई। क्या यह आत्महत्या है या फिर किसी साजिश के तहत हत्या कर शव को जंगल में ठिकाने लगाया गया? फिलहाल इन सभी सवालों के जवाब पुलिस जांच और पोस्टमार्टम रिपोर्ट के बाद ही सामने आ पाएंगे।

पुलिस ने घटनास्थल के आसपास के इलाके की बारीकी से जांच की है और हर संभावित सबूत जुटाने का प्रयास किया जा रहा है। साथ ही मृतक की गतिविधियों और संपर्कों की भी जांच की जा रही है।

शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए डॉ. वाईएस परमार मेडिकल कॉलेज नाहन भेज दिया गया है। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद मौत के असली कारणों का खुलासा हो सकता है।

स्थानीय लोगों ने मामले की निष्पक्ष और गहन जांच की मांग की है। वहीं पुलिस का कहना है कि आत्महत्या, हत्या और अन्य सभी संभावित पहलुओं को ध्यान में रखते हुए जांच की जा रही है। पुलिस को उम्मीद है कि जल्द ही इस रहस्यमयी मौत से पर्दा उठ जाएगा।

Spread the love

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *