ज्वालाजी से लौट रहे 22 वर्षीय सेना के जवान की सड़क हादसे में मौत
ज्वालाजी से लौट रहे 22 वर्षीय सेना के जवान की सड़क हादसे में मौत, तीन दिन पहले ही आया था छुट्टी
हिमाचल प्रदेश के हमीरपुर जिले से एक बेहद दर्दनाक सड़क हादसा सामने आया है। ज्वालाजी मंदिर में दर्शन करने के बाद बड़े भाई के साथ बाइक पर घर लौट रहे 22 वर्षीय सेना के जवान की सड़क हादसे में मौत हो गई। जवान महज तीन दिन पहले ही छुट्टी लेकर घर पहुंचा था, लेकिन किसे पता था कि यही छुट्टी उसकी जिंदगी की आखिरी छुट्टी बन जाएगी।
हादसा नादौन थाना क्षेत्र के जलाड़ी में हमीरपुर-नादौन मार्ग पर गुरुवार रात करीब साढ़े 9 बजे हुआ। हादसे में सेना के जवान विकास की मौत हो गई, जबकि उसका बड़ा भाई आकाश गंभीर रूप से घायल हो गया। घायल आकाश का इलाज एम्स बिलासपुर में चल रहा है।
जानकारी के अनुसार बिलासपुर जिले की पंचायत मलांगण के कुठेड़ा गांव निवासी विकास करीब ढाई साल पहले भारतीय सेना में भर्ती हुआ था। वह वर्तमान में 14 डोगरा में देहरादून में तैनात था। तीन दिन पहले ही वह छुट्टी लेकर घर आया था। परिवार बेटे के घर लौटने से बेहद खुश था, लेकिन यह खुशी ज्यादा समय तक नहीं टिक सकी।
बताया जा रहा है कि विकास अपने 26 वर्षीय बड़े भाई आकाश के साथ ज्वालाजी मंदिर में दर्शन करने गया था। दर्शन करने के बाद दोनों भाई बाइक से घर वापस लौट रहे थे। जैसे ही वे जलाड़ी के पास हमीरपुर-नादौन मार्ग पर पहुंचे, अचानक सड़क पर एक लावारिस पशु सामने आ गया।
बाइक सवार दोनों भाई कुछ समझ पाते, उससे पहले ही बाइक पशु से टकरा गई। टक्कर के बाद बाइक अनियंत्रित हो गई और दोनों भाई सड़क पर जा गिरे। हादसे में दोनों को गंभीर चोटें आईं।
दुर्घटना के बाद मौके पर लोगों की भीड़ जमा हो गई। स्थानीय लोगों ने दोनों घायलों को उपचार के लिए नादौन अस्पताल पहुंचाया। वहां डॉक्टरों ने विकास को मृत घोषित कर दिया। वहीं, आकाश की गंभीर हालत को देखते हुए उसे प्राथमिक उपचार के बाद एम्स बिलासपुर रेफर किया गया।
बताया जा रहा है कि बाइक पर पीछे बैठे आकाश के पेट में पशु का सींग लग गया, जिससे उसे गंभीर चोटें आईं। फिलहाल वह एम्स बिलासपुर में उपचाराधीन है।
विकास करीब ढाई वर्ष पहले सेना में भर्ती हुआ था और देश की सेवा कर रहा था। परिवार में उसका एक छोटा भाई भी है, जो हाल ही में सेना में भर्ती हुआ है। जवान बेटे की अचानक मौत की खबर से परिवार पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा है, वहीं पूरे गांव में भी शोक की लहर है।
हादसे की सूचना मिलने के बाद पुलिस ने मौके पर पहुंचकर जांच शुरू की। जवान के शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम करवाया गया और कानूनी प्रक्रिया पूरी करने के बाद शव परिजनों को सौंप दिया गया।
हमीरपुर के एसपी बलबीर सिंह ने हादसे में सेना के जवान की मौत की पुष्टि की है। उन्होंने बताया कि घायल युवक का एम्स बिलासपुर में उपचार चल रहा है और पुलिस मामले की जांच कर रही है।
एक ओर परिवार अपने जवान बेटे को खोने के गम में डूबा है, तो दूसरी ओर बड़ा भाई अस्पताल में जिंदगी की जंग लड़ रहा है। तीन दिन पहले जिस घर में बेटे के छुट्टी पर लौटने की खुशी थी, आज वहीं मातम पसरा हुआ है।