हिमाचल

काम के लिए निकला व्यक्ति नहीं लौटा घर

 

हिमाचल प्रदेश के सिरमौर जिले से एक दुखद और सनसनीखेज मामला सामने आया है। यहां तीन दिनों से लापता एक व्यक्ति का शव गांव की एक गोशाला के बरामदे में मिलने से पूरे इलाके में हड़कंप मच गया। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर मामले की जांच शुरू कर दी है।

31 अगस्त को घर से निकले थे बलदेव दत्त

मामला पच्छाद थाना क्षेत्र के जोहन गांव का है। मृतक की पहचान बलदेव दत्त के रूप में हुई है। जानकारी के अनुसार, बलदेव दत्त 31 अगस्त को किसी जरूरी काम से घर से निकले थे, लेकिन इसके बाद वह वापस नहीं लौटे।

परिजनों ने उनकी काफी तलाश की, लेकिन जब कोई सुराग नहीं मिला तो 2 सितंबर को पच्छाद पुलिस थाने में उनकी गुमशुदगी की रिपोर्ट दर्ज करवाई गई। शिकायत मिलने के बाद पुलिस भी बलदेव दत्त की तलाश में जुट गई थी।

गांव की गोशाला के बरामदे में मिला शव

इस बीच 3 सितंबर को गांव में ही स्थित एक गोशाला के बरामदे में बलदेव दत्त का शव मिलने से सनसनी फैल गई। शव मिलने की सूचना आग की तरह पूरे गांव में फैल गई और मौके पर लोगों की भीड़ जुट गई।

मामले की सूचना मिलते ही पुलिस टीम मौके पर पहुंची और घटनास्थल का जायजा लिया। इसके बाद पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।

पोस्टमार्टम के बाद परिजनों को सौंपा शव

पोस्टमार्टम करवाने के बाद शव परिजनों को सौंप दिया गया है। फिलहाल पुलिस इस मामले की हर पहलू से जांच कर रही है और व्यक्ति की मौत किन परिस्थितियों में हुई, इसका पता लगाने का प्रयास किया जा रहा है।

पोस्टमार्टम रिपोर्ट से खुलेगा मौत का राज

पुलिस अधीक्षक एनएस नेगी ने मामले की पुष्टि करते हुए बताया कि पुलिस मामले की गंभीरता से जांच कर रही है। व्यक्ति की मौत के वास्तविक कारणों का खुलासा पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही हो पाएगा।

 

Spread the love

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *