कालाअंब में बेकाबू ट्राला का कहर एक की मौत
हिमाचल प्रदेश के सिरमौर जिले के कालाअंब में शनिवार रात एक तेज रफ्तार ट्राले ने जमकर कहर बरपाया। बेकाबू ट्राला कई लोगों और वाहनों को टक्कर मारता हुआ आगे बढ़ता रहा। हादसे के बाद सड़क पर अफरा-तफरी मच गई और लोग अपनी जान बचाने के लिए इधर-उधर भागते नजर आए।
जानकारी के अनुसार, हरियाणा नंबर का ट्राला त्रिलोकपुर की तरफ से कालाअंब की ओर आ रहा था। रुचिरा के पास पहुंचते ही ट्राले ने तीन लोगों को टक्कर मार दी, जिसमें वे घायल हो गए। इसके बाद ट्राला कालाअंब सब्जी मंडी के पास पहुंचा, जहां उसकी चपेट में एक मोटरसाइकिल आ गई। हादसे में बाइक सवार की मौके पर ही मौत हो गई।
बताया जा रहा है कि ट्राला बेहद तेज रफ्तार में था और रास्ते में कई वाहनों को टक्कर मारता हुआ आगे बढ़ रहा था। हादसे के बाद चालक ने वाहन रोकने के बजाय हिमाचल-हरियाणा सीमा की ओर ट्राला दौड़ा दिया।
ट्राले ने सीमा पर लगे बैरियर और बैरिकेड्स को भी तोड़ दिया और हरियाणा में दाखिल हो गया। इसके बाद भी ट्राला नहीं रुका। हरियाणा में एक ढाबे को भी ट्राले की चपेट में आने की सूचना है, हालांकि वहां मौजूद लोग बाल-बाल बच गए। इसके बाद असगरपुर क्षेत्र में भी कई वाहनों के क्षतिग्रस्त होने की जानकारी सामने आई है।
घटना की सूचना मिलते ही हरियाणा पुलिस ने कार्रवाई करते हुए ट्राला चालक को पकड़ लिया। वहीं, कालाअंब पुलिस की टीम भी मौके पर पहुंची और जांच शुरू कर दी। हिमाचल पुलिस हरियाणा पुलिस के संपर्क में है और ट्राले के हिमाचल से हरियाणा तक के पूरे घटनाक्रम की जानकारी जुटाई जा रही है।
SP सिरमौर निश्चित सिंह नेगी ने एक व्यक्ति की मौत की पुष्टि की है। उन्होंने बताया कि हादसे में कुछ लोग घायल भी हुए हैं। फिलहाल मृतक और घायलों की पहचान की जा रही है।
पुलिस यह पता लगाने में जुटी है कि ट्राला अचानक बेकाबू कैसे हुआ और चालक ने उसे रोकने की कोशिश क्यों नहीं की। हादसे में कितने लोग घायल हुए और कितने वाहनों व संपत्ति को नुकसान पहुंचा, इसकी पूरी जानकारी जांच के बाद सामने आएगी।