हिमाचल

होटल में दो गुटों में खूनी झड़प युवक पर रॉड से हमला

हिमाचल प्रदेश के मंडी जिले से एक सनसनीखेज मामला सामने आया है। नगवाईं के एक होटल में मामूली कहासुनी को लेकर दो गुटों के बीच विवाद इतना बढ़ गया कि दोनों पक्षों में जमकर मारपीट हो गई। इसी दौरान एक युवक पर लोहे की रॉड से हमला कर दिया गया, जिसमें वह गंभीर रूप से घायल हो गया। घटना के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई।

सूचना मिलते ही मौके पर पहुंची पुलिस

मामला औट थाना क्षेत्र के नगवाईं का है। बताया जा रहा है कि रविवार सुबह करीब 9:15 बजे एक स्थानीय व्यक्ति ने पुलिस को होटल में कुछ लोगों के बीच झगड़े की सूचना दी। सूचना मिलते ही औट पुलिस की टीम मौके पर पहुंची, लेकिन तब तक आरोपी वहां से फरार हो चुके थे।

पुलिस को पता चला कि आरोपी एक वाहन में सवार होकर कुल्लू की तरफ भागे हैं। इसके बाद पुलिस ने तुरंत उनका पीछा किया और औट के पास नाकाबंदी कर वाहन को रोक लिया। वाहन में सवार सातों आरोपियों को पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया।

रॉड के हमले से रवि गंभीर रूप से घायल

मारपीट में रवि पुत्र अजमेर, निवासी निंदाना, तहसील रोहतक, हरियाणा गंभीर रूप से घायल हुआ है। उसे अन्य घायलों के साथ नगवाईं के प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र ले जाया गया। रवि की हालत गंभीर देखते हुए डॉक्टरों ने उसे कुल्लू अस्पताल रेफर किया।

कुल्लू में जांच के बाद रवि को बेहतर उपचार के लिए एम्स बिलासपुर रेफर कर दिया गया। बताया जा रहा है कि रवि नगवाईं में लीज पर लिए गए होटल का संचालन करता है।

सात आरोपी गिरफ्तार

पुलिस ने मामले में अनित, प्रदीप, मनजीत, जगदीप, अंकित, मोनित और अजय को गिरफ्तार किया है। सभी आरोपी हरियाणा के रोहतक जिले के रहने वाले बताए जा रहे हैं।

पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से मारपीट में इस्तेमाल किए गए हथियार भी बरामद किए हैं। अब पुलिस यह पता लगाने में जुटी है कि आखिर होटल में विवाद की शुरुआत किस बात को लेकर हुई थी।

पुरानी रंजिश का एंगल भी खंगाल रही पुलिस

पुलिस के अनुसार शुरुआती जांच में मामला पुरानी रंजिश से जुड़ा हुआ माना जा रहा है। हालांकि विवाद की असली वजह क्या थी, इसका खुलासा जांच पूरी होने के बाद ही होगा।

पुलिस होटल और आसपास लगे CCTV कैमरों की फुटेज खंगाल रही है। इसके अलावा मौके पर मौजूद लोगों से भी पूछताछ की जा रही है। गिरफ्तार आरोपियों का आपराधिक रिकॉर्ड भी जांचा जा रहा है।

आज कोर्ट में पेश होंगे आरोपी

SP विनोद कुमार ने बताया कि गिरफ्तार किए गए सभी सात आरोपियों को सोमवार को अदालत में पेश किया जाएगा। पुलिस मामले की गहनता से जांच कर रही है और जांच में सामने आने वाले तथ्यों के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।

Spread the love

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *