धनतेरस के दिन खाई में गिरी गाड़ी टोटल 10 लोग थे सवार
हिमाचल प्रदेश में सड़क हादसों का सिलसिला थमने का नाम नहीं ले रहा है। आए दिन हो रहे हादसे कई परिवारों की खुशियां उजाड़ रहे हैं। अब धनतेरस के दिन सिरमौर जिले से एक बेहद दर्दनाक सड़क दुर्घटना की खबर सामने आई है। पच्छाद उपमंडल के सराहां में एक बोलेरो गाड़ी अनियंत्रित होकर गहरी खाई में जा गिरी। इस हादसे में 30 वर्षीय युवक की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि मृतक के छोटे भाई समेत कुल 9 लोग घायल हुए हैं।
शिमला-नाहन हाईवे पर खाई में गिरी बोलेरो
प्राप्त जानकारी के अनुसार, हादसा सराहां के डुंगाघाट इलाके में शिमला-नाहन हाईवे पर हुआ। बताया जा रहा है कि बोलेरो गाड़ी में कई लोग सवार होकर सफर कर रहे थे। इसी दौरान चालक वाहन पर नियंत्रण खो बैठा और गाड़ी सड़क से नीचे गहरी खाई में जा गिरी।
दुर्घटना इतनी गंभीर थी कि वाहन में सवार 30 वर्षीय काकू उर्फ कुलदीप ने मौके पर ही दम तोड़ दिया। वहीं, उसका छोटा भाई राहुल समेत अन्य सवारियां घायल हो गईं। हादसे के बाद घटनास्थल पर चीख-पुकार मच गई और स्थानीय लोगों की मदद से राहत एवं बचाव कार्य शुरू किया गया।
5 गंभीर घायलों को नाहन मेडिकल कॉलेज किया रेफर
रेस्क्यू ऑपरेशन के बाद सभी घायलों को बाहर निकाला गया। इनमें से पांच लोगों की हालत गंभीर होने के चलते उन्हें उपचार के लिए नाहन मेडिकल कॉलेज भेजा गया है, जबकि अन्य घायलों का इलाज सराहां में ही जारी है। बताया जा रहा है कि हादसे में घायल लोगों की उम्र लगभग 20 से 35 वर्ष के बीच है।
उधर, दुर्घटना की सूचना मिलते ही पुलिस टीम भी मौके पर पहुंची और घटनास्थल का निरीक्षण किया। मृतक के शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है। फिलहाल पुलिस ने मामला दर्ज कर लिया है और हादसे के वास्तविक कारणों की जांच की जा रही है।
हादसे में घायल और मृतकों की सूची
इस दुर्घटना में जान गंवाने वाले युवक की पहचान काकू उर्फ कुलदीप (30), पुत्र रतन सिंह के रूप में हुई है।
घायलों में अनिल (34), पुत्र सूरत सिंह, राहुल (23), पुत्र गुमार सिंह, विक्रम (21), पुत्र सूरत सिंह, शिशुपाल (चालक), पुत्र सुरेश, गोलू चौहान, पुत्र कल्याण सिंह, सार्थक चौहान (20), पुत्र दीप चंद, पिंकू (19), पुत्र रतन सिंह और मृतक का छोटा भाई राहुल शामिल बताए जा रहे हैं।
शिलाई हादसे के बाद एक और परिवार पर टूटा दुखों का पहाड़
गौरतलब है कि इससे पहले 2 नवंबर को भी सिरमौर जिले के शिलाई क्षेत्र में एक भीषण सड़क हादसा हुआ था। उस दुर्घटना में एक पिता और उनके सात वर्षीय मासूम बेटे की जान चली गई थी, जबकि उनकी 11 वर्षीय बेटी घायल हो गई थी। अब पच्छाद में हुए इस हादसे ने एक बार फिर पूरे इलाके को झकझोर कर रख दिया है।
बलदेव तोमर ने जताया दुख
वहीं, हादसे की जानकारी मिलने के बाद शिलाई के भाजपा नेता बलदेव तोमर ने भी गहरा शोक व्यक्त किया है। उन्होंने कहा कि इस दुखद घटना से उन्हें बेहद पीड़ा पहुंची है। उन्होंने मृतक की आत्मा की शांति के लिए प्रार्थना करते हुए घायलों के जल्द स्वस्थ होने की कामना की है।