हिमाचल

पटाखे जला रहे पति-पत्नी पर पड़ोसी ने चढ़ा दी थार- नहीं बच पाए दोनों

हिमाचल प्रदेश के ऊना जिले में दिवाली की रात एक मामूली विवाद ने ऐसा खौफनाक रूप ले लिया कि पूरा गांव दहल उठा। पटाखे जलाने को लेकर शुरू हुई पड़ोसियों की कहासुनी दो लोगों की मौत का कारण बन गई। आरोप है कि एक व्यक्ति ने अपनी थार गाड़ी से पड़ोस में रहने वाले पति-पत्नी को कुचल दिया। इस दर्दनाक घटना में दोनों की जान चली गई, जबकि आरोपी भी लोगों के गुस्से का शिकार होकर गंभीर रूप से घायल हो गया।

पटाखों को लेकर शुरू हुआ विवाद बना खूनी संघर्ष

मामला ऊना मुख्यालय से करीब 10 किलोमीटर दूर बदोली गांव का है। जानकारी के मुताबिक, दिवाली की रात एक परिवार अपने घर के बाहर पटाखे जला रहा था। इसी दौरान उनके पड़ोस में रहने वाले व्यक्ति ने पटाखे चलाने का विरोध किया। इसी बात को लेकर दोनों पक्षों के बीच बहस शुरू हो गई।

देखते ही देखते विवाद इतना बढ़ गया कि दोनों पक्षों में हाथापाई होने लगी। आरोप है कि इसी दौरान गुस्से में आए पड़ोसी ने अपनी थार गाड़ी निकाली और दूसरे परिवार के लोगों को गाड़ी से टक्कर मार दी। इस घटना में पति-पत्नी बुरी तरह घायल हो गए। परिजन और स्थानीय लोग तुरंत दोनों को ऊना के क्षेत्रीय अस्पताल लेकर पहुंचे, लेकिन वहां चिकित्सकों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया।

गुस्साए लोगों ने आरोपी को भी पीटा

घटना के बाद गांव में तनाव की स्थिति पैदा हो गई। बताया जा रहा है कि दंपती की मौत से गुस्साए लोगों ने आरोपी को पकड़कर उसके साथ मारपीट की। इस दौरान वह भी गंभीर रूप से घायल हो गया। उसकी नाजुक हालत को देखते हुए उसे बेहतर इलाज के लिए पीजीआई रेफर किए जाने की सूचना है।

वहीं, घटना की सूचना मिलते ही पुलिस टीम सक्रिय हुई और मौके पर पहुंचकर स्थिति को संभाला। देर रात क्षेत्रीय अस्पताल में भी काफी हंगामा देखने को मिला। पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है और विवाद से जुड़े सभी पहलुओं की पड़ताल की जा रही है।

एक विवाद ने उजाड़ दिए दो परिवार

जिस रात पूरा देश दिवाली की खुशियां मना रहा था, उसी रात बदोली गांव में एक परिवार की खुशियां हमेशा के लिए छिन गईं। पटाखे जलाने जैसी छोटी सी बात पर शुरू हुआ विवाद दो जिंदगियां लील गया। इस घटना ने पूरे इलाके को झकझोर कर रख दिया है। फिलहाल पुलिस जांच के बाद ही घटना की पूरी सच्चाई सामने आ पाएगी।

Spread the love

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *