हिमाचल

शिमला: लापता 15 वर्षीय किशोरी देर रात सुरक्षित लौटी घर परिजनों ने ली राहत की सांस

शिमला: लापता 15 वर्षीय किशोरी देर रात सुरक्षित लौटी घर परिजनों ने ली राहत की सांस

हिमाचल प्रदेश की राजधानी शिमला से लापता हुई 15 साल की किशोरी के मामले में देर रात बड़ा अपडेट सामने आया है। संदिग्ध परिस्थितियों में घर से गायब हुई किशोरी खुद ही देर रात अपने घर लौट आई, जिसके बाद पूरे परिवार ने राहत की सांस ली।

दरअसल, संजौली थाना क्षेत्र में रहने वाली 15 वर्षीय किशोरी 4 जनवरी को दोपहर करीब तीन बजे घर से बाहर निकली थी, लेकिन देर शाम तक वापस नहीं लौटी। परिजनों ने जब घर में तलाश की तो उन्हें एक पत्र मिला, जिसे सुसाइड नोट बताया गया। पत्र में किशोरी ने वापस न लौटने और आत्महत्या जैसे विचारों का उल्लेख किया था, जिससे परिवार की चिंता और बढ़ गई।

किशोरी के लापता होने की सूचना मिलते ही संजौली थाना पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू की। परिजनों के अनुसार, किशोरी घर से निकलते समय अपना मोबाइल फोन घर पर ही छोड़ गई थी और अपने साथ करीब एक हजार रुपये नकद लेकर गई थी, जिससे उससे संपर्क करना संभव नहीं हो सका।

मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस ने BNS की धारा 137(2) के तहत मामला दर्ज किया और आसपास के इलाकों, बस स्टैंड, रेलवे स्टेशन सहित अन्य संभावित स्थानों पर तलाश शुरू की। CCTV फुटेज भी खंगाले गए और सभी पहलुओं से जांच की गई।

दिनभर तलाश के बाद भी जब किशोरी का कोई सुराग नहीं मिला तो परिजन बेहद परेशान हो गए। इसी बीच देर रात किशोरी खुद ही सुरक्षित अपने घर लौट आई। फिलहाल यह स्पष्ट नहीं हो पाया है कि वह कहां गई थी और किसके संपर्क में थी।

राहत की बात यह है कि किशोरी पूरी तरह सुरक्षित है और अपने परिजनों के साथ है। पुलिस अब उससे पूछताछ कर पूरे मामले की सच्चाई जानने की कोशिश कर रही है।

Spread the love

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *