हिमाचल

ऊना: चिंतपूर्णी में बड़ा हादसा टला श्रद्धालुओं से भरी निजी बस पलटी

हिमाचल प्रदेश के ऊना जिले में स्थित प्रसिद्ध शक्तिपीठ चिंतपूर्णी में उस समय अफरा-तफरी मच गई, जब माता के दर्शन के लिए आए श्रद्धालुओं से भरी एक निजी बस अनियंत्रित होकर सड़क पर पलट गई। हादसे के बाद मौके पर चीख-पुकार मच गई और यात्रियों में दहशत फैल गई।

जानकारी के अनुसार, यह हादसा गुरुवार को चिंतपूर्णी के तलवाड़ा बाईपास पर हुआ। बताया जा रहा है कि बस चालक अचानक वाहन पर नियंत्रण खो बैठा, जिसके बाद बस पीछे की ओर चल पड़ी। इसी दौरान बस पीछे खड़ी एक कार से टकरा गई और फिर पास की दुकानों की दीवार से जा भिड़ी।

बताया गया है कि बस में राजस्थान के जयपुर से आए श्रद्धालु सवार थे, जो माता चिंतपूर्णी के दर्शन के लिए पहुंचे थे। हादसे में एक टेंपो ट्रैवलर भी क्षतिग्रस्त हुआ, जबकि कार को सबसे अधिक नुकसान पहुंचा। हालांकि राहत की बात यह रही कि किसी भी यात्री को गंभीर चोट नहीं आई और बड़ा हादसा टल गया।

घटना के तुरंत बाद आसपास के लोग मौके पर पहुंचे और घायलों को बस से बाहर निकालने में मदद की। सूचना मिलते ही चिंतपूर्णी पुलिस भी मौके पर पहुंची, स्थिति को संभाला और यातायात को सुचारू कराया।

बस चालक ने प्रारंभिक बयान में बताया कि ब्रेक फेल होने के कारण बस पीछे की ओर चली गई। इस हादसे में कार चालक को मामूली चोटें आई हैं। पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।

प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, यदि बस दुकानों की दीवार से नहीं रुकती, तो हादसा और भी भयावह हो सकता था। गनीमत रही कि कोई जानमाल का नुकसान नहीं हुआ।

यह घटना एक बार फिर धार्मिक यात्राओं के दौरान वाहन सुरक्षा और सावधानी की आवश्यकता को रेखांकित करती है।

Spread the love

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *