मंडी: दो साल के बेटे संग रहस्यमयी तरीके से लापता हुई महिला
हिमाचल प्रदेश के मंडी जिले से एक बेहद चिंताजनक मामला सामने आया है। गोहर थाना क्षेत्र में एक विवाहिता अपने दो साल के बेटे के साथ रहस्यमयी परिस्थितियों में घर से लापता हो गई है। घटना को चार दिन बीत चुके हैं, लेकिन अभी तक महिला और बच्चे का कोई सुराग नहीं मिल पाया है। परिवार के साथ-साथ पुलिस भी उनकी तलाश में जुटी हुई है।
जानकारी के अनुसार, गोहर थाना क्षेत्र के चैलचौक के अंतर्गत पंचायत नेहरा (गणई) के गांव बाग की रहने वाली ज्योति कुमारी 7 मार्च की रात अपने दो वर्षीय बेटे स्वांश भारद्वाज को साथ लेकर घर से अचानक लापता हो गई। परिजनों को इस घटना की जानकारी अगले दिन सुबह करीब साढ़े आठ बजे उस समय मिली, जब घर के सदस्यों ने उसके कमरे में जाकर देखा तो वह वहां मौजूद नहीं थी।
परिजनों के मुताबिक कमरे का दरवाजा अंदर से बंद था। पहले उन्हें लगा कि महिला कमरे में ही होगी, लेकिन जब ध्यान से देखा गया तो पता चला कि वह खिड़की के रास्ते अपने बच्चे को साथ लेकर बाहर चली गई थी। इसके बाद परिवार में हड़कंप मच गया और आसपास के क्षेत्रों में उसकी तलाश शुरू कर दी गई।
परिवार के लोगों ने अपने स्तर पर आसपास के गांवों, रिश्तेदारों और मायके पक्ष में भी जानकारी जुटाई, लेकिन कई जगह पूछताछ के बावजूद महिला और बच्चे का कोई पता नहीं चल सका। चार दिन बीत जाने के बाद जब कोई सुराग नहीं मिला तो महिला के ससुर सुरेंद्र कुमार ने गोहर थाना में गुमशुदगी की शिकायत दर्ज करवाई।
शिकायत मिलने के बाद पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। पुलिस टीम आसपास के क्षेत्रों में पूछताछ कर रही है और अन्य थानों को भी इस संबंध में सूचना दी गई है। साथ ही महिला के मोबाइल फोन की कॉल डिटेल और आखिरी लोकेशन की भी जांच की जा रही है, ताकि उसके संभावित ठिकाने या जाने के रास्ते का पता लगाया जा सके।
पुलिस के अनुसार महिला का पति ईश्वर दास पंजाब के रोपड़ में एक निजी कंपनी में काम करता है। पत्नी और बेटे के लापता होने की सूचना मिलते ही वह तुरंत घर लौट आया और परिवार के साथ मिलकर कई जगहों पर तलाश की, लेकिन अब तक दोनों का कोई पता नहीं चल पाया है।
मामले को लेकर एसपी मंडी विनोद कुमार ने बताया कि गुमशुदगी की शिकायत के आधार पर जांच जारी है। पुलिस तकनीकी और स्थानीय स्तर पर हर संभव प्रयास कर रही है और उम्मीद जताई जा रही है कि जल्द ही महिला और बच्चे के बारे में महत्वपूर्ण जानकारी सामने आ सकती है।
फिलहाल परिवार महिला और बच्चे की सकुशल वापसी की उम्मीद में लगातार उनकी तलाश कर रहा है।