घर से पेपर देने निकली थी 7वीं की छात्रा रावी नदी में लगा दी छलांग- हुई मौ*त
हिमाचल प्रदेश के चंबा जिले से एक बेहद दुखद खबर सामने आई है। यहां एक नाबालिग छात्रा ने रावी नदी में छलांग लगाकर अपनी जीवन लीला समाप्त कर ली। घटना के बाद पूरे इलाके में शोक और हैरानी का माहौल है।
जानकारी के अनुसार छात्रा 7वीं कक्षा में पढ़ती थी। बुधवार को वह स्कूल में परीक्षा देने के लिए गई थी। परीक्षा खत्म होने के बाद अन्य छात्रों की तरह वह स्कूल से बाहर निकली, लेकिन घर जाने की बजाय अकेले ही रावी नदी की ओर चली गई।
बताया जा रहा है कि कुछ देर बाद वह नदी किनारे पहुंची और अचानक पानी में छलांग लगा दी।
नदी के आसपास मौजूद लोगों ने जैसे ही छात्रा को पानी में कूदते देखा तो तुरंत शोर मचाया और उसकी जान बचाने के लिए प्रयास शुरू कर दिए। स्थानीय लोगों ने तुरंत पुलिस और दमकल विभाग को सूचना दी।
सूचना मिलते ही पुलिस और दमकल विभाग की टीम मौके पर पहुंच गई और स्थानीय लोगों के साथ मिलकर रेस्क्यू ऑपरेशन शुरू किया।
काफी मशक्कत के बाद छात्रा को नदी से बाहर निकाला गया। उस समय वह बेसुध अवस्था में थी। गंभीर हालत को देखते हुए उसे तुरंत मेडिकल कॉलेज चंबा ले जाया गया।
लेकिन अस्पताल में डॉक्टरों ने जांच के बाद उसे मृत घोषित कर दिया।
घटना की जानकारी मिलते ही छात्रा के परिजन भी अस्पताल पहुंच गए। परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल था। पुलिस ने मौके पर पहुंचकर उनके बयान दर्ज किए और मामले की जांच शुरू कर दी है।
विजय कुमार सकलानी, पुलिस अधीक्षक चंबा ने घटना की पुष्टि करते हुए बताया कि छात्रा का पोस्टमार्टम करवाने के बाद शव परिजनों को सौंप दिया गया है। पुलिस मामले की गहराई से जांच कर रही है कि आखिर छात्रा ने इतना बड़ा कदम किन परिस्थितियों में उठाया।
इस दर्दनाक घटना के बाद पूरे इलाके में शोक की लहर है। फिलहाल पुलिस सभी पहलुओं को ध्यान में रखते हुए मामले की जांच कर रही है।