हिमाचल: दोस्तों ने की युवक की ह*त्या
हिमाचल प्रदेश के शिमला जिले के सुन्नी थाना क्षेत्र से एक दिल दहला देने वाला मामला सामने आया है, जहां एक युवक की उसके ही दोस्तों ने बेरहमी से हत्या कर दी। वारदात को अंजाम देने के बाद आरोपियों ने शव को खेत में गड्ढा खोदकर दफना दिया और मौके से फरार हो गए।
मृतक की पहचान 25 वर्षीय परवेश राम के रूप में हुई है, जो बिहार के मुजफ्फरपुर जिले का रहने वाला था।
एक आरोपी गिरफ्तार, दो अभी फरार
पुलिस ने इस मामले में मुख्य आरोपी अरुण कुमार को गिरफ्तार कर लिया है, जबकि उसके दो साथी—विकेश कुमार और महेश कुमार—अभी भी फरार हैं। उनकी गिरफ्तारी के लिए पुलिस लगातार छापेमारी कर रही है।
गुमशुदगी से खुला हत्या का राज
दरअसल, 15 मार्च को मृतक के पिता चतुरी राम ने अपने बेटे के लापता होने की शिकायत सुन्नी थाने में दर्ज करवाई थी। उन्होंने बताया कि उनका बेटा अपने तीन दोस्तों के साथ गया था और उसके बाद से उसका कोई पता नहीं चल रहा था।
शुरुआत में पुलिस ने गुमशुदगी का मामला दर्ज किया, लेकिन जांच के दौरान कई संदिग्ध तथ्य सामने आए, जिससे मामला हत्या की ओर मुड़ गया।
CCTV और जांच से मिला सुराग
पुलिस ने जांच के दौरान बसंतपुर में दबिश दी, जहां मृतक का किराए का कमरा खाली मिला। इसके बाद कमरे को सील कर दिया गया और आसपास के CCTV फुटेज खंगाले गए।
इसी दौरान सुन्नी मार्ग पर झाड़ियों में एक संदिग्ध बोरा और कंबल मिला। पास ही खेत में ताजी खुदाई के निशान दिखाई दिए। पुलिस ने मौके पर खुदाई करवाई, जहां से परवेश राम का शव बरामद हुआ।
शव की पहचान स्थानीय लोगों और मकान मालिक ने की। यह मंजर देखकर इलाके में दहशत और शोक का माहौल फैल गया।
हत्या की साजिश का खुलासा
पुलिस जांच में सामने आया है कि परवेश राम का अपहरण उसके ही दोस्तों—अरुण, विकेश और महेश—ने मिलकर किया था और पहले से ही उसकी हत्या की योजना बनाई गई थी।
पोस्टमार्टम और आगे की कार्रवाई
शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए नागरिक अस्पताल सुन्नी भेजा गया है। पुलिस ने आरोपियों के खिलाफ बीएनएस की धारा 140(1) और 3(5) के तहत मामला दर्ज कर लिया है।
फिलहाल पुलिस फरार आरोपियों की तलाश में जुटी हुई है और हत्या के पीछे के असली कारणों का पता लगाने की कोशिश कर रही है।