कंपनी में AC कंप्रेसर ब्ला*स्ट होने से 20 वर्षीय युवक की मौ*त
हिमाचल प्रदेश में एक के बाद एक सामने आ रही घटनाओं ने लोगों की चिंता बढ़ा दी है। मंडी जिला के जोगेंद्रनगर में हुए सिया हत्याकांड की गूंज अभी शांत भी नहीं हुई थी कि अब राजधानी शिमला से एक और चौंकाने वाली वारदात सामने आई है।
शिमला के संजौली क्षेत्र से सटे बड़फर गांव में एक 10वीं कक्षा की छात्रा पर एक युवक ने अचानक हमला कर दिया। हैरानी की बात यह है कि युवक ने किसी हथियार का इस्तेमाल नहीं किया, बल्कि छात्रा पर पत्थरों से हमला कर उसे गंभीर रूप से घायल कर दिया। घायल छात्रा को तुरंत इलाज के लिए आईजीएमसी में भर्ती करवाया गया है। इस घटना के बाद पूरे इलाके में डर और तनाव का माहौल बना हुआ है।
उधर, सोलन जिला से एक बेहद दुखद हादसे की खबर सामने आई है, जिसने एक परिवार की खुशियां छीन लीं। बद्दी के औद्योगिक क्षेत्र जुड्डीकलां स्थित एक निजी कंपनी में एसी यूनिट स्थापित करने के दौरान अचानक कंप्रेसर में जोरदार धमाका हो गया।
इस हादसे में मंडी जिला के सरकाघाट के रहने वाले 20 वर्षीय ऋषभ की मौके पर ही मौत हो गई। ऋषभ अपने परिवार का सहारा था और उनकी आर्थिक जिम्मेदारियों को संभाल रहा था। इस दर्दनाक हादसे में एक अन्य व्यक्ति, मान सिंह, गंभीर रूप से घायल हो गया, जिसे अस्पताल में भर्ती कराया गया है और उसकी हालत पर डॉक्टर लगातार नजर बनाए हुए हैं।
ऋषभ की असमय मृत्यु से परिवार गहरे सदमे में है। जिस बेटे से माता-पिता ने अपने भविष्य की उम्मीदें जोड़ रखी थीं, वह अचानक उन्हें छोड़कर चला गया। पूरे गांव में शोक की लहर है।
घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू कर दी। हादसे के कारणों का पता लगाने के लिए फॉरेंसिक टीम को भी बुलाया गया है। पुलिस यह जानने में जुटी है कि यह हादसा लापरवाही का नतीजा था या किसी तकनीकी खामी के कारण हुआ।
इन दोनों घटनाओं ने प्रदेश में सुरक्षा और कानून-व्यवस्था को लेकर कई गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं।