9राष्ट्रीय ओबीसी कांग्रेस एडवाइजरी काउंसिल की बैठक में कृषि मंत्री प्रो. चन्द्र कुमार ने उठाई ओबीसी हितों की आवाज
9राष्ट्रीय ओबीसी कांग्रेस एडवाइजरी काउंसिल की बैठक में कृषि मंत्री प्रो. चन्द्र कुमार ने उठाई ओबीसी हितों की आवाज
ज्वाली, नई दिल्ली स्थित कांग्रेस मुख्यालय, इंदिरा भवन में बीते कल ‘नेशनल ओबीसी कांग्रेस एडवाइजरी काउंसिल’ की एक महत्वपूर्ण बैठक आयोजित की गई, जिसकी अध्यक्षता लोकसभा में नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी ने की। इस बैठक में हिमाचल प्रदेश सरकार के कृषि एवं पशुपालन मंत्री प्रो. चन्द्र कुमार ने सलाहकार परिषद के सदस्य के रूप में सक्रिय भागीदारी की और देश में पिछड़े वर्गों की दशा व दिशा पर अपने विचार साझा किए।
बैठक को संबोधित करते हुए कृषि मंत्री प्रो. चन्द्र कुमार ने ओबीसी नेतृत्व को मजबूत करने का पुरजोर समर्थन किया। उन्होंने स्पष्ट रूप से कहा कि समाज के सबसे बड़े वर्ग को सत्ता और संगठन में उनकी आबादी के अनुपात में प्रतिनिधित्व मिलना अनिवार्य है। उन्होंने जातिगत जनगणना को सामाजिक न्याय की पहली सीढ़ी बताते हुए कहा कि बिना सटीक आंकड़ों के पिछड़े वर्गों के लिए प्रभावी कल्याणकारी योजनाएं बनाना असंभव है, इसलिए केंद्र सरकार को अविलंब जातिगत जनगणना करानी चाहिए ताकि संसाधनों का सही वितरण सुनिश्चित हो सके।
उन्होंने राहुल गांधी के नेतृत्व में विश्वास जताते हुए कहा कि कांग्रेस पार्टी ही एकमात्र ऐसा विकल्प है जो वास्तव में पिछड़ों, दलितों और आदिवासियों के अधिकारों के लिए सड़क से संसद तक लड़ रही है।
प्रो. चन्द्र कुमार ने कहा कि कांग्रेस पार्टी सदैव पिछड़े और वंचित वर्गों के कल्याण के लिए प्रतिबद्ध रही है और यह एडवाइजरी काउंसिल भविष्य में नीति निर्धारण में मील का पत्थर साबित होगी।