हिमाचल

मंडी में विद्युत विभाग के लाइनमैन की संदिग्ध मौत

 

मंडी में विद्युत विभाग के लाइनमैन की संदिग्ध मौत, जांच में जुटी पुलिस

हिमाचल प्रदेश के जिला मंडी में उस समय सनसनी फैल गई, जब विद्युत विभाग में तैनात एक लाइनमैन की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हो गई। घटना की सूचना मिलते ही इलाके में हड़कंप मच गया और बड़ी संख्या में लोग मौके पर जुट गए।

जानकारी के अनुसार मामला मंडी जिले के सराज विधानसभा क्षेत्र के छतरी का है। मृतक युवक नौकरी के चलते छतरी में किराए के कमरे में रह रहा था। जब घटना की जानकारी स्थानीय लोगों को मिली तो तुरंत पुलिस को सूचित किया गया। सूचना मिलते ही पुलिस टीम मौके पर पहुंची और घटनास्थल का बारीकी से निरीक्षण किया।

पुलिस ने कमरे और आसपास के क्षेत्र की जांच कर साक्ष्य जुटाने शुरू कर दिए हैं। फिलहाल मामला संदिग्ध माना जा रहा है और हर पहलू को ध्यान में रखते हुए जांच की जा रही है। मृतक की पहचान पावेंद्र कुमार निवासी केलोधार गांव के रूप में हुई है।

प्रारंभिक जांच में अभी तक यह स्पष्ट नहीं हो पाया है कि युवक ने आत्महत्या की है या उसकी मौत किसी अन्य कारण से हुई है। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि पोस्टमॉर्टम रिपोर्ट आने के बाद ही मौत के असली कारणों का खुलासा हो सकेगा।

पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमॉर्टम के लिए भेज दिया है। इसके साथ ही मामले से जुड़े लोगों से पूछताछ भी शुरू कर दी गई है। पुलिस हर एंगल से मामले की जांच में जुटी हुई है।

घटना के बाद छतरी और आसपास के क्षेत्रों में शोक का माहौल है। पावेंद्र कुमार की मौत की खबर से परिवार और परिचितों में गहरा दुख है। वहीं स्थानीय लोग भी पुलिस जांच पूरी होने और मामले की सच्चाई सामने आने का इंतजार कर रहे हैं।

Spread the love

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *