हिमाचल

NEET परीक्षा से पहले 3 अभ्यर्थियों ने दे दी जा.न असफलता के डर ने छीनी सांसें

देशभर के लाखों विद्यार्थियों के डॉक्टर बनने के सपनों की परीक्षा NEET-UG 2026 कल यानी 21 जून को आयोजित होने जा रही है। इस बड़े एग्जाम को लेकर छात्रों में जहां उत्साह है, वहीं भारी मानसिक दबाव भी देखने को मिल रहा है। परीक्षा से ठीक पहले देश के अलग-अलग राज्यों से आई तीन दुखद घटनाओं ने सभी को झकझोर कर रख दिया है। असफलता के डर और मानसिक तनाव के चलते तीन नीट अभ्यर्थियों ने आत्महत्या कर ली।

जानकारी के अनुसार उत्तर प्रदेश के गाजियाबाद में 22 वर्षीय एक छात्र ने अपने कमरे में फंदा लगाकर जान दे दी। बताया जा रहा है कि छात्र लंबे समय से नीट परीक्षा की तैयारी कर रहा था, लेकिन बार-बार अपेक्षित सफलता न मिलने के कारण वह मानसिक तनाव में था। आत्महत्या से पहले उसने एक वीडियो भी रिकॉर्ड किया, जिसमें उसने परीक्षा और भविष्य को लेकर अपनी पीड़ा जाहिर की।

वहीं तमिलनाडु में भी दो छात्रों ने परीक्षा में असफल होने के डर से आत्मघाती कदम उठा लिया। इन घटनाओं ने एक बार फिर यह सवाल खड़ा कर दिया है कि प्रतियोगी परीक्षाओं का बढ़ता दबाव विद्यार्थियों पर कितना गहरा असर डाल रहा है।

हर साल लाखों छात्र डॉक्टर बनने का सपना लेकर नीट परीक्षा में शामिल होते हैं, लेकिन सीमित सीटों और कड़ी प्रतिस्पर्धा के कारण छात्रों पर मानसिक दबाव लगातार बढ़ रहा है। विशेषज्ञों का कहना है कि किसी भी परीक्षा को जीवन-मरण का सवाल नहीं बनाना चाहिए, क्योंकि असफलता अंत नहीं होती।

इसी बीच हिमाचल प्रदेश सरकार ने विद्यार्थियों के लिए राहत भरा कदम उठाया है। उपमुख्यमंत्री एवं परिवहन मंत्री मुकेश अग्निहोत्री ने घोषणा की है कि 21 जून को नीट परीक्षा देने वाले सभी विद्यार्थियों को हिमाचल पथ परिवहन निगम (HRTC) की बसों में मुफ्त यात्रा सुविधा दी जाएगी। अभ्यर्थियों को केवल अपना एडमिट कार्ड दिखाना होगा, जिसे ही टिकट माना जाएगा। यह सुविधा परीक्षा केंद्र तक आने-जाने दोनों के लिए लागू रहेगी।

सरकार का उद्देश्य विद्यार्थियों और उनके परिवारों पर आर्थिक व मानसिक बोझ कम करना है, ताकि छात्र बिना किसी अतिरिक्त तनाव के परीक्षा दे सकें। प्रदेश सरकार ने सभी विद्यार्थियों से सकारात्मक सोच के साथ परीक्षा में शामिल होने और किसी भी प्रकार के मानसिक दबाव से दूर रहने की अपील की है।

नीट परीक्षा से पहले सामने आई ये दुखद घटनाएं एक बार फिर याद दिलाती हैं कि सफलता जरूरी है, लेकिन जीवन उससे कहीं अधिक अनमोल है।

Spread the love

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *