हिमाचल

खेलते-खेलते बुझ गया घर का चिराग 4 साल के मासूम की दर्दनाक मौ*त से बिखरा परिवार

हिमाचल प्रदेश के बिलासपुर जिले से एक बेहद दर्दनाक हादसा सामने आया है, जिसने एक हंसते-खेलते परिवार की खुशियां पल भर में उजाड़ दीं। घुमारवीं उपमंडल के कन्दरौर क्षेत्र स्थित नाल्टी गांव में चार साल के मासूम राहुल की दूसरी मंजिल से गिरने के कारण मौत हो गई। इस हादसे के बाद पूरे इलाके में शोक का माहौल है।

जानकारी के अनुसार राहुल शुक्रवार शाम अपने घर की दूसरी मंजिल पर खेल रहा था। उसी दौरान अचानक उसका संतुलन बिगड़ गया और वह नीचे गिर पड़ा। गिरने से बच्चे को गंभीर चोटें आईं। हादसे के तुरंत बाद परिजन उसे इलाज के लिए क्षेत्रीय अस्पताल बिलासपुर लेकर पहुंचे, लेकिन डॉक्टरों ने जांच के बाद उसे मृत घोषित कर दिया। यह खबर सुनते ही परिवार पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा।

बताया जा रहा है कि राहुल का परिवार मूल रूप से उत्तर प्रदेश के मुरादाबाद का रहने वाला है और रोजगार के सिलसिले में नाल्टी गांव में रह रहा था। राहुल परिवार का इकलौता लाडला था, जिसकी मौत से माता-पिता का रो-रोकर बुरा हाल है।

घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू कर दी। शुरुआती जांच में मामला हादसा माना जा रहा है। पुलिस ने कानूनी प्रक्रिया पूरी करने के बाद शव को पोस्टमार्टम के लिए एम्स बिलासपुर भेजा और बाद में परिजनों को सौंप दिया।

इस दुखद घटना ने पूरे क्षेत्र को गमगीन कर दिया है। पड़ोसी और स्थानीय लोग लगातार परिवार को सांत्वना देने पहुंच रहे हैं। यह हादसा एक बार फिर छोटे बच्चों की सुरक्षा को लेकर सतर्क रहने की जरूरत को याद दिलाता है।

Spread the love

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *