फिटनेस स्वस्थ, सशक्त और विकसित भारत की नींव युवाओं को खेल एवं सक्रिय जीवनशैली अपनानी होगी : अनुराग सिंह ठाकुर
फिटनेस स्वस्थ, सशक्त और विकसित भारत की नींव, युवाओं को खेल एवं सक्रिय जीवनशैली अपनानी होगी : अनुराग सिंह ठाकुर
मोहन चौहान : अंतरराष्ट्रीय ओलंपिक सप्ताह के उपलक्ष्य में जिला ओलंपिक संघ हमीरपुर द्वारा मंगलवार को स्वस्थ जीवनशैली, सद्भावना, सामाजिक एकता एवं फिट इंडिया मूवमेंट को समर्पित एक भव्य जागरूकता दौड़ का आयोजन किया गया। इस अवसर पर हिमाचल प्रदेश ओलंपिक संघ के अध्यक्ष, लोकप्रिय सांसद एवं पूर्व केंद्रीय मंत्री अनुराग सिंह ठाकुर ने मुख्य अतिथि के रूप में सहभागिता की। कार्यक्रम में विभिन्न राष्ट्रीय एवं अंतरराष्ट्रीय खिलाड़ियों, खेल प्रशिक्षकों, विद्यार्थियों, खेल प्रेमियों तथा बड़ी संख्या में स्थानीय नागरिकों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया।
यह जागरूकता दौड़ सिंथेटिक ट्रैक, अणु स्थित डिग्री कॉलेज परिसर से प्रारंभ होकर हीरानगर में संपन्न हुई। पूरे मार्ग में प्रतिभागियों ने फिटनेस, स्वास्थ्य और खेल भावना का संदेश देते हुए लोगों को नियमित व्यायाम तथा सक्रिय जीवनशैली अपनाने के लिए प्रेरित किया।
इस अवसर पर अनुराग सिंह ठाकुर ने कहा कि आज की तेज़ रफ्तार और तकनीक आधारित जीवनशैली में शारीरिक फिटनेस पहले से कहीं अधिक महत्वपूर्ण हो गई है। उन्होंने कहा कि स्वस्थ शरीर ही स्वस्थ समाज और मजबूत राष्ट्र की आधारशिला है। यदि हमें आने वाली पीढ़ी को नशामुक्त, अनुशासित, आत्मविश्वासी और ऊर्जावान बनाना है तो खेलों तथा नियमित शारीरिक गतिविधियों को दैनिक जीवन का हिस्सा बनाना होगा।
अनुराग सिंह ठाकुर ने कहा, “आज भारत खेलों के क्षेत्र में एक नए आत्मविश्वास के साथ आगे बढ़ रहा है। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में खेलों को पहली बार राष्ट्रीय विकास और युवा सशक्तिकरण के महत्वपूर्ण माध्यम के रूप में प्राथमिकता दी गई है। खेलो इंडिया, टारगेट ओलंपिक पोडियम स्कीम (TOPS), खेल अवसंरचना का अभूतपूर्व विस्तार, खिलाड़ियों के लिए आधुनिक प्रशिक्षण, खेल विज्ञान, पोषण और अंतरराष्ट्रीय एक्सपोज़र जैसी नीतियों ने देश में खेल संस्कृति को नई दिशा दी है। वर्ष 2024 तक खेलो इंडिया के अंतर्गत 300 से अधिक खेल अवसंरचना परियोजनाओं पर लगभग ₹3,000 करोड़ का निवेश किया गया, जिससे देशभर में प्रतिभाओं को बेहतर अवसर मिले।
उन्होंने कहा कि इन प्रयासों का परिणाम पूरी दुनिया ने देखा है। टोक्यो ओलंपिक में नीरज चोपड़ा ने भारत को एथलेटिक्स में पहला स्वर्ण पदक दिलाकर इतिहास रचा। मीराबाई चानू ने भारोत्तोलन में रजत पदक जीता, पी. वी. सिंधु लगातार दो ओलंपिक पदक जीतने वाली पहली भारतीय महिला बनीं, लवलीना बोरगोहेन, रवि कुमार दहिया और बजरंग पुनिया ने भी शानदार प्रदर्शन कर भारत का गौरव बढ़ाया। इसके बाद पेरिस ओलंपिक में नीरज चोपड़ा ने लगातार दूसरे ओलंपिक में पदक जीतकर भारतीय खेल इतिहास में नया अध्याय जोड़ा। इन उपलब्धियों ने साबित किया है कि भारत के खिलाड़ी अब केवल भाग लेने नहीं, बल्कि विश्व मंच पर विजय का परचम लहराने के लिए उतरते हैं।
अनुराग सिंह ठाकुर ने कहा, “मुझे खेल मंत्री के रूप में खिलाड़ियों, प्रशिक्षकों, खेल महासंघों और राज्यों के साथ मिलकर कार्य करने का अवसर मिला। हमारा निरंतर प्रयास रहा कि खिलाड़ियों को संसाधनों की कमी कभी उनकी प्रतिभा के मार्ग में बाधा न बनने दे। आज भारत में खेल केवल प्रतिस्पर्धा नहीं, बल्कि स्वस्थ जीवनशैली, अनुशासन, आत्मविश्वास और राष्ट्र निर्माण का सशक्त माध्यम बन चुके हैं।”
उन्होंने युवाओं का आह्वान करते हुए कहा कि प्रत्येक युवा प्रतिदिन कुछ समय दौड़, योग, व्यायाम अथवा किसी न किसी खेल के लिए अवश्य निकाले। “एक फिट युवा ही एक सक्षम समाज और विकसित भारत की सबसे बड़ी ताकत है। फिटनेस कोई एक दिन का अभियान नहीं, बल्कि जीवनभर अपनाई जाने वाली आदत है। यदि भारत को विकसित राष्ट्र बनाना है तो हमें फिट इंडिया की भावना को जन-जन का संकल्प बनाना होगा।”
अनुराग सिंह ठाकुर ने कहा कि फिट इंडिया मूवमेंट केवल एक अभियान नहीं बल्कि जन-जन को स्वस्थ जीवनशैली अपनाने का राष्ट्रीय संकल्प है। उन्होंने युवाओं से प्रतिदिन कुछ समय खेल, योग, दौड़, व्यायाम अथवा अन्य शारीरिक गतिविधियों के लिए निकालने का आह्वान करते हुए कहा कि फिट व्यक्ति ही परिवार, समाज और राष्ट्र के विकास में प्रभावी योगदान दे सकता है। उन्होंने कहा कि ओलंपिक सप्ताह हमें खेल भावना, अनुशासन, भाईचारे और उत्कृष्टता के मूल्यों को आत्मसात करने की प्रेरणा देता है।
उन्होंने आयोजन में भाग लेने वाले सभी खिलाड़ियों, जिला ओलंपिक संघ, स्वयंसेवकों एवं नागरिकों को बधाई देते हुए कहा कि ऐसे आयोजन समाज में स्वास्थ्य के प्रति जागरूकता बढ़ाने के साथ-साथ युवाओं को खेलों की ओर आकर्षित करने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं।