हिमाचल

Himachal | जेल की दीवार फांदकर फरार हुई 21 वर्षीय महिला कैदी

हिमाचल प्रदेश के कांगड़ा जिले स्थित धर्मशाला जिला कारागार में मंगलवार सुबह उस समय हड़कंप मच गया, जब चिट्टा तस्करी के मामले में बंद 21 वर्षीय महिला विचाराधीन कैदी जेल की दीवार फांदकर फरार हो गई। हालांकि पुलिस और जेल प्रशासन की त्वरित कार्रवाई के चलते उसे महज दो घंटे के भीतर नूरपुर क्षेत्र से गिरफ्तार कर लिया गया।

जानकारी के अनुसार पंजाब के तरनतारन की रहने वाली अरविंद्र कौर चिट्टा तस्करी से जुड़े मामले में धर्मशाला जेल में बंद थी। मंगलवार सुबह करीब 9:15 बजे वह महिला बैरक क्षेत्र से निकलकर जेल की सुरक्षा व्यवस्था को धता बताते हुए दीवार पार कर फरार हो गई। जेल प्रशासन को घटना की जानकारी मिलने तक वह काफी दूर निकल चुकी थी, जिससे जेल परिसर में अफरा-तफरी मच गई।

सूत्रों के मुताबिक जेल से निकलने के बाद युवती धर्मशाला शहर पहुंची और पठानकोट जाने के लिए टैक्सी बुक कर ली। प्रारंभिक जांच में पुलिस को उसकी लोकेशन का पता लगाने में कठिनाई हुई, लेकिन सूचना मिलते ही जिला पुलिस ने पूरे क्षेत्र में अलर्ट जारी कर नाकाबंदी शुरू कर दी।

पुलिस ने जिलेभर के थानों और चौकियों को युवती की पहचान और संभावित रूट की जानकारी भेजी। पुलिस की सतर्कता के चलते नूरपुर क्षेत्र में लगाए गए नाके के दौरान फरार महिला कैदी को पकड़ लिया गया। गिरफ्तारी के समय वह पठानकोट की ओर जा रही थी। इसके बाद पुलिस ने उसे हिरासत में लेकर दोबारा धर्मशाला लाने की प्रक्रिया शुरू कर दी।

घटना के बाद धर्मशाला जिला कारागार की सुरक्षा व्यवस्था पर गंभीर सवाल उठने लगे हैं। यह चर्चा का विषय बना हुआ है कि आखिर एक महिला विचाराधीन कैदी बैरक से निकलकर जेल की दीवार कैसे पार कर गई और शुरुआती समय में इसकी जानकारी जेल प्रशासन को क्यों नहीं मिल सकी। अब जेल प्रशासन पूरे मामले की आंतरिक जांच की तैयारी कर रहा है ताकि सुरक्षा में हुई संभावित चूक का पता लगाया जा सके।

बताया जा रहा है कि धर्मशाला जिला कारागार में वर्तमान में करीब 550 कैदी बंद हैं, जिनमें बड़ी संख्या एनडीपीएस एक्ट और नशा तस्करी के मामलों में गिरफ्तार आरोपियों की है। अधिकारियों के अनुसार लगभग 350 कैदी चिट्टा और अन्य मादक पदार्थ तस्करी मामलों में जेल में बंद हैं।

जिला कारागार धर्मशाला के अधीक्षक विकास भटनागर ने फरार महिला कैदी की गिरफ्तारी की पुष्टि करते हुए बताया कि जिला पुलिस के सहयोग से उसे दो घंटे के भीतर पकड़ लिया गया। उन्होंने कहा कि युवती को वापस धर्मशाला लाया जा रहा है और पूरे मामले की जांच की जा रही है।

Spread the love

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *