चंबा

रात खाई में गिरी कार का सुबह चला पता झाड़ियों- पेड़ों पर लटके मिले 4 श*व

हिमाचल प्रदेश के चंबा जिले के चुराह उपमंडल में रविवार सुबह एक बेहद दर्दनाक सड़क हादसे की खबर सामने आई। नकरोड़-हिमगिरि डैम मार्ग पर एक कार अनियंत्रित होकर लगभग 300 फीट गहरी खाई में जा गिरी, जिससे कार में सवार चार लोगों की मौके पर ही मौत हो गई। हादसा इतना भीषण था कि वाहन पूरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया।

जानकारी के अनुसार दुर्घटना देर रात हुई, लेकिन इसकी सूचना रविवार सुबह उस समय मिली जब स्थानीय लोगों ने खाई में गिरी कार को देखा। घटना की खबर फैलते ही आसपास के ग्रामीण मौके पर पहुंच गए। प्रत्यक्षदर्शियों ने बताया कि कार कई बार पलटते हुए खाई में जा गिरी। हादसे के दौरान वाहन सवार लोग बाहर जा गिरे थे। किसी का शव झाड़ियों में मिला तो किसी का शव पेड़ों की शाखाओं में फंसा हुआ था। घटनास्थल का मंजर देखकर लोग दहल उठे।

मृतकों की पहचान शुकरदीन (52), सलमान (25), ताशी उर्फ बिट्टू (41) और संजू (22) के रूप में हुई है। सभी मृतक गांव करमुंड, डाकघर टिकरीगढ़, तहसील चुराह, जिला चंबा के निवासी बताए गए हैं। हादसे की सूचना मिलते ही मृतकों के परिवारों में मातम छा गया और पूरे इलाके में शोक की लहर दौड़ गई।

सूचना मिलने पर पुलिस, प्रशासन और फायर ब्रिगेड की टीमें तुरंत मौके पर पहुंचीं। खाई की गहराई और दुर्गम इलाके के कारण राहत एवं बचाव कार्य काफी कठिन रहा। रेस्क्यू टीमों ने घंटों की मशक्कत के बाद शवों को बाहर निकाला और पोस्टमार्टम के लिए अस्पताल भेजा।

पुलिस ने मामला दर्ज कर हादसे की जांच शुरू कर दी है। प्रारंभिक जांच में माना जा रहा है कि देर रात किसी मोड़ पर चालक वाहन से नियंत्रण खो बैठा, जिसके कारण कार सीधे खाई में जा गिरी। हालांकि दुर्घटना के वास्तविक कारणों का पता जांच पूरी होने के बाद ही चल सकेगा।

गौरतलब है कि चंबा जिले में हाल के दिनों में सड़क हादसों की घटनाएं लगातार बढ़ रही हैं। एक दिन पहले भरमौर उपमंडल में भी एक सड़क दुर्घटना में चार लोगों की जान चली गई थी। लगातार हो रहे हादसों ने पहाड़ी क्षेत्रों में सड़क सुरक्षा और यातायात व्यवस्था को लेकर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं।

Spread the love

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *