रिवर्स करते खाई में गिरी कार पत्नी की आंखों के सामने उजड़ा परिवार
हिमाचल प्रदेश के शिमला जिले में एक और दर्दनाक सड़क हादसे ने लोगों को झकझोर कर रख दिया। शिमला में हुए पिछले बड़े हादसे के पांच दिन बाद ही अब एक कार अनियंत्रित होकर गहरी खाई में जा गिरी, जिसमें पिता और बेटी की मौके पर ही मौत हो गई।
जानकारी के अनुसार खोखाह गांव निवासी लोकिंद्र धनाइक अपनी पत्नी, बेटे और 12 वर्षीय बेटी टिया के साथ नेरवा की ओर जा रहे थे। परिवार किसी निजी कार्य से निकला था। रास्ते में वाहन मोड़ने के लिए कार को रोका गया। इसी दौरान लोकिंद्र अपनी बेटी के साथ कार में बैठे थे और वाहन को रिवर्स करने का प्रयास कर रहे थे।
बताया जा रहा है कि रिवर्स करते समय अचानक चालक का वाहन से नियंत्रण हट गया और कार सड़क किनारे से फिसलकर करीब 200 मीटर गहरी खाई में जा गिरी। हादसा इतना भयावह था कि मौके पर मौजूद लोग भी सहम गए।
स्थानीय लोगों ने तुरंत राहत एवं बचाव कार्य शुरू किया, लेकिन तब तक काफी देर हो चुकी थी। हादसे में 42 वर्षीय लोकिंद्र धनाइक और उनकी 12 वर्षीय बेटी टिया की मौके पर ही मौत हो गई। घटना के बाद परिवार में मातम छा गया और पूरे गांव में शोक की लहर फैल गई।
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार हादसे के समय लोकिंद्र की पत्नी और बेटा वाहन के बाहर खड़े थे और उनका इंतजार कर रहे थे। तभी अचानक कार खाई में जा गिरी। कुछ ही क्षणों में परिवार की खुशियां मातम में बदल गईं।
घटना की सूचना मिलते ही पुलिस टीम मौके पर पहुंची और शवों को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि वाहन को रिवर्स करते समय चालक का नियंत्रण बिगड़ने से यह हादसा हुआ। फिलहाल पुलिस मामले की विस्तृत जांच कर रही है।
पुलिस को दी गई शिकायत में खोखाह गांव निवासी 19 वर्षीय पृथुल धनाइक ने बताया कि वह बावड़ी कैंची के पास बस का इंतजार कर रहा था। इसी दौरान उसने एक कार को रिवर्स करते समय नियंत्रण खोते हुए खाई में गिरते देखा। इसके बाद पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी।
हिमाचल प्रदेश में लगातार बढ़ रहे सड़क हादसे चिंता का विषय बनते जा रहे हैं। पहाड़ी इलाकों में संकरी सड़कें, लापरवाही और वाहन से नियंत्रण खोना हादसों की बड़ी वजह माने जा रहे हैं। प्रशासन लगातार लोगों से सावधानीपूर्वक वाहन चलाने और सुरक्षित ड्राइविंग अपनाने की अपील कर रहा है।