छुट्टी पर घर आए सेना के जवान की करंट लगने से मौत परिवार पर टूटा दुखों का पहाड़
सेना में देश की सेवा करने वाले जवान छुट्टी मिलते ही अपने परिवार के बीच लौटते हैं, लेकिन कई बार घर आने के बाद भी किस्मत उन्हें परिवार से हमेशा के लिए दूर कर देती है। कांगड़ा जिले के पालमपुर से ऐसा ही दर्दनाक मामला सामने आया है। यहां छुट्टी पर घर आए 29 वर्षीय सेना के जवान की करंट लगने से मौत हो गई। जवान की मौत की खबर मिलते ही परिवार में मातम पसर गया।
जानकारी के अनुसार, हादसा पालमपुर थाना क्षेत्र के ननाहर में हुआ। मृतक जवान अश्वनी कुमार 20 जुलाई को छुट्टी लेकर अपने घर ननाहर आए थे। मंगलवार सुबह करीब 8 बजे ननाहर पंचायत के उपप्रधान अनुज कुमार ने पिंटू कुमार को फोन कर सूचना दी कि एक मकान के पास जवान बिजली की तारों में मृत अवस्था में पड़े हैं।
सूचना मिलते ही जवान के परिजन और पुलिस टीम मौके पर पहुंची। घटनास्थल की जांच के दौरान सामने आया कि खेतों में फसल को जंगली सूअरों से बचाने के लिए तारें लगाई गई थीं। इन तारों में बिजली का करंट छोड़ा गया था।
पुलिस को आशंका है कि अश्वनी कुमार अनजाने में इन करंट प्रवाहित तारों के ऊपर गिर गए होंगे। करंट लगने से उनकी मौके पर ही मौत हो गई। पुलिस और फोरेंसिक टीम ने घटनास्थल पर पहुंचकर साक्ष्य जुटाए और मामले की जांच शुरू की।
मृतक की पहचान 29 वर्षीय अश्वनी कुमार, पुत्र सुरेश कुमार, निवासी ननाहर, डाकघर कमलेहड़, पालमपुर के रूप में हुई है। पुलिस के अनुसार, जवान के शरीर पर करंट लगने और जलने के निशान पाए गए हैं।
अश्वनी कुमार डोगरा रेजिमेंट में तैनात थे और करीब 10 से 11 वर्ष पहले सेना में भर्ती हुए थे। वह अपने पीछे एक बेटा और एक बेटी छोड़ गए हैं। छुट्टी पर घर आए जवान की अचानक मौत से परिवार पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा है, जबकि पूरे गांव में शोक की लहर है।
पालमपुर के डीएसपी सुनील राणा ने बताया कि पुलिस ने मामले में भारतीय न्याय संहिता की धारा 106(1) के तहत केस दर्ज कर लिया है। पुलिस अब इस बात की जांच कर रही है कि हादसा किस परिस्थिति में हुआ और खेतों में बिजली की तारें किस तरह लगाई गई थीं।
पुलिस मामले से जुड़े सभी पहलुओं की जांच कर रही है।