हिमाचल

घास काटने गई रीना देवी की खाई में गिरने से मौत चंडीगढ़ ले जाते समय रास्ते में तोड़ा दम

हिमाचल प्रदेश के मंडी जिले से एक दर्दनाक हादसे की खबर सामने आई है। नगवाईं क्षेत्र में पशुओं के लिए घास काटने गई एक महिला अचानक पैर फिसलने से गहरी खाई में जा गिरी। हादसे में महिला के सिर पर गंभीर चोटें आईं। परिजन उसे इलाज के लिए अस्पताल लेकर पहुंचे, लेकिन हालत गंभीर होने के चलते चंडीगढ़ रेफर किया गया। चंडीगढ़ ले जाते समय रास्ते में ही महिला ने दम तोड़ दिया।

घास काटते समय अचानक फिसला पैर

हादसा सोमवार दोपहर करीब तीन बजे नगवाईं क्षेत्र में हुआ। मृतका की पहचान रीना देवी, पत्नी मनोज कुमार, निवासी गांव तनारू, मुहाल शिल्ह मशोरा के रूप में हुई है।

जानकारी के अनुसार रीना देवी घर के पशुओं के लिए चारा जुटाने घासनी गई थीं। वह घास काट रही थीं, इसी दौरान अचानक उनका पैर फिसल गया और वह ढलान से नीचे गहरी खाई में जा गिरीं। हादसे में उनके सिर पर गंभीर चोट लगी।

महिला के खाई में गिरने की जानकारी मिलते ही परिजन और स्थानीय लोग मौके पर पहुंचे। घायल रीना देवी को कड़ी मशक्कत के बाद बाहर निकाला गया और तुरंत सिविल अस्पताल नगवाईं पहुंचाया गया।

गंभीर हालत में कुल्लू रेफर

नगवाईं अस्पताल में प्राथमिक उपचार के बाद महिला की गंभीर स्थिति को देखते हुए चिकित्सकों ने उन्हें जिला अस्पताल कुल्लू रेफर कर दिया। परिजन उन्हें लेकर कुल्लू पहुंचे, जहां चिकित्सकों ने सिर में लगी गंभीर चोटों को देखते हुए बेहतर उपचार के लिए पीजीआई चंडीगढ़ रेफर कर दिया।

परिजन रीना देवी को लेकर चंडीगढ़ के लिए रवाना हुए, लेकिन रास्ते में उनकी तबीयत अचानक और बिगड़ गई। तमाम कोशिशों के बावजूद महिला ने रास्ते में ही दम तोड़ दिया।

परिवार पर टूटा दुखों का पहाड़

रीना देवी की मौत की खबर जैसे ही परिवार और गांव तक पहुंची, वहां चीख-पुकार मच गई। कुछ घंटे पहले जो महिला घर से पशुओं के लिए घास लेने निकली थी, उसके वापस लौटने का इंतजार कर रहा परिवार उसकी मौत की खबर से पूरी तरह टूट गया।

घटना की पुष्टि ग्राम पंचायत मशोरा की प्रधान मीना शर्मा ने की है। उन्होंने बताया कि रीना देवी घास काटने के दौरान पैर फिसलने से खाई में गिर गई थीं। उन्हें पहले नगवाईं और फिर कुल्लू अस्पताल ले जाया गया था। गंभीर हालत के कारण पीजीआई चंडीगढ़ रेफर किया गया, लेकिन रास्ते में उनकी मौत हो गई।

गांव में पसरा मातम

हादसे के बाद तनारू और आसपास के क्षेत्र में शोक का माहौल है। रीना देवी की अचानक हुई मौत से ग्रामीण भी स्तब्ध हैं। पहाड़ी इलाकों में घास और पशुओं के लिए चारा जुटाने के दौरान लोगों को अक्सर खड़ी ढलानों और जोखिम भरे स्थानों पर जाना पड़ता है। ऐसे में जरा सी चूक भी जानलेवा साबित हो सकती है।

इस हादसे ने एक परिवार को गहरा सदमा दिया है और पूरे गांव को शोक में डुबो दिया है।

Spread the love

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *