हिमाचल

बिलासपुर में लापता व्यक्ति की हत्या का खुलासा भाई-भाभी पर हत्या का आरोप

हिमाचल प्रदेश के बिलासपुर जिले के झंडूता से सनसनीखेज मामला सामने आया है। समलेटू गांव से लापता हुए मदन लाल की तलाश अब हत्या की जांच में बदल गई है। पुलिस जांच में सामने आया है कि मदन लाल की कथित तौर पर उसके बड़े भाई और भाभी ने हत्या की और वारदात के बाद शव को झील में फेंक दिया।

भाई-भाभी पर हत्या का आरोप

पुलिस ने मामले में मदन लाल के बड़े भाई बिशन दास और उसकी पत्नी रानो देवी को गिरफ्तार किया है। पुलिस के अनुसार, दोनों पर आरोप है कि विवाद के दौरान मदन लाल के सिर पर पत्थर से वार किया गया, जिससे उसकी मौत हो गई। इसके बाद शव को चांगरू स्थित झील में फेंक दिया गया।

11 सितंबर से लापता था मदन लाल

जानकारी के अनुसार, मदन लाल 11 सितंबर की शाम करीब साढ़े सात बजे घर से निकला था। इसके बाद वह वापस नहीं लौटा। परिवार ने अपने स्तर पर उसकी तलाश की, लेकिन जब उसका कोई सुराग नहीं मिला तो 13 सितंबर को उसके भाई रोशन लाल ने थाना झंडूता में गुमशुदगी की शिकायत दर्ज करवाई।

पुलिस ने शिकायत के आधार पर तलाश शुरू की। जांच के दौरान 15 सितंबर को पुलिस के सामने कुछ अहम तथ्य आए। शिकायतकर्ता ने बताया कि 11 सितंबर को मदन लाल का अपने बड़े भाई बिशन दास और भाभी रानो देवी के साथ विवाद हुआ था।

विवाद के बाद मौत, फिर झील में फेंका शव

पुलिस जांच में सामने आया कि विवाद के दौरान मदन लाल के सिर पर कथित तौर पर पत्थर से वार किया गया था। इसके बाद पुलिस ने मामले से जुड़े लोगों से पूछताछ की और घटनास्थल से जुड़े साक्ष्यों को खंगाला।

जांच के दौरान बिशन दास और रानो देवी से भी पूछताछ की गई। पुलिस के मुताबिक, पूछताछ में दोनों से मिले तथ्यों के आधार पर मदन लाल की मौत और शव को चांगरू की झील में फेंके जाने की जानकारी सामने आई। इसके बाद दोनों को गिरफ्तार कर लिया गया।

चार दिन बाद झील से बरामद हुआ शव

पुलिस ने करीब चार दिन बाद चांगरू की झील से मदन लाल का शव बरामद कर लिया है। पुलिस की अब तक की जांच के अनुसार, मदन लाल की मौत मौके पर ही हो गई थी। इसके बाद शव को घसीटकर चांगरू ले जाया गया और झील में फेंक दिया गया।

बिलासपुर के एसपी अभिषेक धीमान ने दो आरोपियों की गिरफ्तारी की पुष्टि की है। पुलिस अब हत्या से जुड़े सभी पहलुओं, घटनाक्रम और उपलब्ध साक्ष्यों की गहनता से जांच कर रही है।

Spread the love

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *