कुल्लू में दर्दनाक हादसा, खाई में गिरी बोलेरो कैंपर 18 साल की युवती की मौत
हिमाचल प्रदेश के कुल्लू में देर रात एक दर्दनाक सड़क हादसा हुआ। कुल्लू-मनाली मार्ग पर वामतट के समीप एक बोलेरो कैंपर अचानक अनियंत्रित होकर सड़क से नीचे गहरी खाई में जा गिरा। हादसा इतना गंभीर था कि वाहन में सवार 18 वर्षीय युवती की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि चालक गंभीर रूप से घायल हो गया।
भडोगी गांव की तरफ जा रहे थे दोनों
जानकारी के अनुसार, 22 वर्षीय आर्दश पुत्र हेमराज, निवासी पालगी गड़सा, और 18 वर्षीय कविता पुत्री देवी राम, निवासी घोट, पंचायत काईसा, बोलेरो कैंपर नंबर HP-34F-5819 में सवार होकर भडोगी गांव की तरफ जा रहे थे।
इसी दौरान वामतट के पास अचानक वाहन अनियंत्रित हो गया और सड़क से नीचे गहरी खाई में जा गिरा। हादसे में कविता को गंभीर चोटें आईं और उसने मौके पर ही दम तोड़ दिया। वहीं वाहन चालक आर्दश भी गंभीर रूप से घायल हो गया।
मौके पर पहुंची पुलिस, शव परिजनों को सौंपा
हादसे की सूचना मिलते ही स्थानीय लोग मौके पर पहुंचे और पुलिस को जानकारी दी। सूचना मिलते ही पुलिस टीम ने घटनास्थल पर पहुंचकर राहत एवं बचाव कार्य शुरू किया।
पुलिस ने मृतका के शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम करवाया। पोस्टमार्टम की प्रक्रिया पूरी होने के बाद शव परिजनों को सौंप दिया गया है। वहीं घायल युवक को उपचार के लिए अस्पताल पहुंचाया गया, जहां उसका इलाज जारी है।
हादसे के कारणों की जांच जारी
फिलहाल पुलिस हादसे के कारणों की जांच में जुटी है। आखिर वाहन किस वजह से अनियंत्रित हुआ और हादसा किन परिस्थितियों में हुआ, इसका पता जांच पूरी होने के बाद ही चल पाएगा।
18 वर्षीय कविता की मौत की खबर से उसके गांव और आसपास के क्षेत्र में शोक की लहर है। कम उम्र में हुई इस दर्दनाक मौत से परिवार पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा है।