शिमला में दर्दनाक सड़क हादसा एक ही परिवार के 3 लोगों की मौत
हिमाचल प्रदेश की राजधानी शिमला में घंडल-सोलह मील के पास नेशनल हाईवे-205 पर दर्दनाक सड़क हादसा हुआ। HRTC की इलेक्ट्रिक बस और कार की जोरदार टक्कर में एक ही परिवार के तीन लोगों की मौत हो गई, जबकि एक युवक गंभीर रूप से घायल है।
जानकारी के मुताबिक, परिवार IGMC शिमला से दवाई लेकर कार में सवार होकर घणागुघाट की ओर लौट रहा था। इसी दौरान घंडल-सोलह मील के पास उनकी कार की सामने से आ रही HRTC इलेक्ट्रिक बस से टक्कर हो गई।
हादसा इतना भीषण था कि कार बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गई। हादसे में दयानंद, उनकी पत्नी हेमलता और उनकी मां विद्यादेवी की मौत हो गई, जबकि उनका बेटा गंभीर रूप से घायल हो गया। बताया जा रहा है कि घायल बेटे के सामने ही उसके माता-पिता और दादी ने दम तोड़ दिया।
मृतकों की पहचान दयानंद (57), उनकी पत्नी हेमलता (52) और विद्यादेवी (75), निवासी फांजी गांव, अर्की, सोलन के रूप में हुई है। घायल युवक का IGMC शिमला में उपचार चल रहा है। हादसे के बाद परिवार में मातम पसरा हुआ है।