किन्नौर में 100 मीटर गहरी खाई में गिरी पिकअप 27 वर्षीय युवक की दर्दनाक मौत
हिमाचल प्रदेश में सड़क हादसों का सिलसिला थमने का नाम नहीं ले रहा है। आए दिन तेज रफ्तार और वाहन से नियंत्रण खोने के कारण दर्दनाक हादसे सामने आ रहे हैं। ताजा मामला जनजातीय जिला किन्नौर से सामने आया है, जहां एक पिकअप अनियंत्रित होकर करीब 100 मीटर गहरी खाई में जा गिरी। हादसे में 27 वर्षीय युवक की मौके पर ही मौत हो गई।
रात के अंधेरे में खाई में जा गिरी पिकअप
जानकारी के अनुसार हादसा किन्नौर के पुराने हिंदुस्तान-तिब्बत मार्ग पर रांगले के पास हुआ। पिकअप नंबर HP-26A-4241 का चालक मीरू से रुनंग गांव की ओर जा रहा था। रात करीब 1:15 बजे चोलिंग-मीरू संपर्क सड़क पर रांगले बस अड्डे के पास अचानक वाहन से चालक का नियंत्रण खो गया।
देखते ही देखते पिकअप सड़क से नीचे करीब 100 मीटर गहरी खाई में जा गिरी। हादसे में वाहन चालक और मालिक 27 वर्षीय लवीस पुत्र सुखराम, निवासी मीरू, तहसील निचार की मौके पर ही मौत हो गई।
सुबह पुलिस को मिली हादसे की सूचना
हादसे की सूचना सोमवार सुबह पुलिस को मिली। जानकारी मिलते ही पुलिस थाना टापरी से एएसआई सन्नी बौद्ध की अगुवाई में टीम मौके पर पहुंची। पुलिस जवानों ने स्थानीय लोगों की मदद से कड़ी मशक्कत के बाद करीब 100 मीटर गहरी खाई से युवक का शव बाहर निकाला।
इसके बाद शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए PHC टापरी पहुंचाया गया। पोस्टमार्टम की प्रक्रिया पूरी होने के बाद शव परिजनों को सौंप दिया गया। युवक की मौत की खबर मिलते ही परिवार में मातम पसर गया।
प्रशासन ने दी 25 हजार रुपये की फौरी राहत
हादसे में परिवार के सदस्य की मौत के बाद प्रशासन की ओर से भी पीड़ित परिवार को आर्थिक सहायता दी गई। तहसीलदार टापरी इंद्र सिंह खोश्टो ने बताया कि प्रभावित परिवार को 25 हजार रुपये की फौरी राहत प्रदान की गई है।
वहीं, एसपी किन्नौर सुशील कुमार शर्मा ने बताया कि सड़क हादसे में पिकअप चालक की मौत हुई है। पोस्टमार्टम के बाद शव परिजनों को सौंप दिया गया है। पुलिस ने मामला दर्ज कर लिया है और हादसा किन परिस्थितियों में हुआ, इसकी जांच की जा रही है।