हिमाचल

दिल्ली से हिमाचल घूमने आए थे तीन दोस्त बीच रास्ते हो गया हा*दसा

देवभूमि हिमाचल प्रदेश में घूमने और धार्मिक स्थलों के दर्शन करने आने वाले पर्यटकों के साथ कई बार सफर के दौरान अप्रिय घटनाएं पेश आ जाती हैं। ऐसा ही एक मामला जिला ऊना से सामने आया है, जहां माता बगलामुखी के दर्शन कर दिल्ली लौट रहे तीन पर्यटकों की कार अचानक आग का गोला बन गई। गनीमत रही कि इस हादसे में तीनों लोगों की जान बाल-बाल बच गई।

देखते ही देखते आग की लपटों में घिरी कार

जानकारी के अनुसार, घटना ऊना-धर्मशाला नेशनल हाईवे पर नंदपुर के पास की है। दिल्ली के तिलक नगर निवासी अनीश कुमार, अंशुल मित्तल और चंद्र चोपड़ा शनिवार को श्री बगलामुखी माता मंदिर में माथा टेकने पहुंचे थे। मंदिर में दर्शन करने के बाद देर रात तीनों सियाज कार में सवार होकर वापस दिल्ली के लिए रवाना हो गए।

रात करीब 12:30 बजे जब उनकी कार नंदपुर के पास पहुंची तो अचानक बोनट से धुआं निकलने लगा। खतरे को भांपते हुए चालक ने तुरंत गाड़ी सड़क किनारे रोक दी। इसके बाद तीनों लोग फौरन कार से बाहर निकल आए। देखते ही देखते कार में आग भड़क उठी और कुछ ही देर में पूरा वाहन आग की लपटों से घिर गया।

दमकल विभाग के पहुंचने से पहले जलकर राख हुई कार

घटना की सूचना मिलते ही पुलिस टीम मौके पर पहुंची और आग बुझाने के लिए दमकल विभाग को भी बुलाया गया। हालांकि, जब तक दमकल कर्मी मौके पर पहुंचे, तब तक आग पूरी कार को अपनी चपेट में ले चुकी थी और वाहन पूरी तरह जलकर राख हो गया।

इस घटना के बाद मौके पर लोगों की भीड़ जमा हो गई। वहीं, डीएसपी अंब अनिल पटियाल ने बताया कि कार में तीन लोग सवार थे और तीनों सुरक्षित हैं। हादसे में किसी के भी घायल होने की सूचना नहीं है। पुलिस मामले में आगामी कार्रवाई कर रही है।

समय रहते कार से बाहर निकलने के कारण तीनों पर्यटकों की जान बच गई, वरना हादसा और भी गंभीर हो सकता था।

Spread the love

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *