दीपावली की रात बुझ गया घर का चिराग
दीपावली की रात बुझ गया घर का चिराग, बाजार से लौटते वक्त हादसे में गई पिता की जान, 3 बच्चे हुए अनाथ
हिमाचल प्रदेश के जिला कांगड़ा से दीपावली की रात एक बेहद दर्दनाक सड़क हादसे का मामला सामने आया है। जिस परिवार में कुछ देर पहले तक त्योहार की खुशियां मनाई जा रही थीं, वहां अचानक मातम पसर गया। घर में बच्चे अपने पिता के साथ दीपावली मनाने की उम्मीद लगाए बैठे थे, लेकिन उन्हें क्या पता था कि उनके पिता अब कभी वापस नहीं लौटेंगे। एक सड़क हादसे ने तीन मासूम बच्चों के सिर से पिता का साया छीन लिया और पूरे परिवार को जिंदगीभर का दर्द दे दिया।
बाजार जाते समय रास्ते में हुआ दर्दनाक हादसा
मामला नूरपुर पुलिस जिला के भदरोआ क्षेत्र का है। हादसे में जान गंवाने वाले व्यक्ति की पहचान 43 वर्षीय राजकुमार उर्फ राजू पुत्र प्रकाश चंद निवासी गांव गगवाल, डाकघर भदरोआ, तहसील इंदौरा के रूप में हुई है।
जानकारी के मुताबिक, दीपावली के दिन राजकुमार घर के लिए मिठाइयां और पटाखे लेकर आए थे। परिवार के साथ त्योहार मनाने के बाद वह कुछ जरूरी सामान खरीदने के लिए अपनी बाइक पर दोबारा बाजार निकले। लेकिन इस दौरान भदरोआ में सीएस पठानिया होटल के पास उनके साथ दर्दनाक हादसा हो गया।
बताया जा रहा है कि रात करीब 9 बजकर 32 मिनट पर एक अज्ञात वाहन ने उनकी बाइक को जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर लगने से राजकुमार गंभीर रूप से घायल हो गए और उन्होंने घटनास्थल पर ही दम तोड़ दिया। हादसे को अंजाम देने के बाद वाहन चालक मौके से फरार हो गया।
सीसीटीवी में दिखी संदिग्ध आई-20 कार
घटना की सूचना मिलते ही पुलिस ने मौके पर पहुंचकर जांच शुरू कर दी। पुलिस ने आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली, जिसमें एक संदिग्ध हुंडई आई-20 कार दिखाई देने की बात सामने आई है। हालांकि, फुटेज में कार का नंबर साफ नजर नहीं आ रहा है।
पुलिस अब आसपास के अन्य कैमरों की रिकॉर्डिंग भी चेक कर रही है, ताकि संदिग्ध वाहन की पहचान की जा सके। मामले को गंभीरता से लेते हुए पुलिस अधीक्षक नूरपुर इल्मा अफरोज ने भी अधिकारियों को जल्द से जल्द वाहन और फरार चालक का पता लगाने के निर्देश दिए हैं।
फिलहाल पुलिस इस बात की पुष्टि करने में जुटी है कि हादसे में इसी कार का हाथ था या कोई अन्य वाहन दुर्घटना में शामिल था।
तीन बच्चों के सिर से उठा पिता का साया
इस हादसे ने राजकुमार के परिवार को पूरी तरह तोड़कर रख दिया है। वह अपने पीछे एक बेटा और दो बेटियां छोड़ गए हैं। बताया जा रहा है कि उनकी एक बेटी मानसिक रूप से अस्वस्थ है। परिवार की आर्थिक स्थिति भी पहले से कमजोर है और राजकुमार ही परिवार के लिए कमाई का सहारा थे।
जिस पिता के साथ तीनों बच्चों को त्योहार मनाना था, अब वही पिता हमेशा के लिए उनसे दूर हो गया है। परिवार पर दुखों का ऐसा पहाड़ टूटा है, जिसकी भरपाई शायद कभी नहीं हो सकेगी।
घटना के बाद पूरे गांव में शोक का माहौल है। स्थानीय लोगों और परिजनों ने प्रदेश सरकार तथा जिला प्रशासन से पीड़ित परिवार की आर्थिक मदद करने की मांग उठाई है। साथ ही पुलिस प्रशासन से फरार वाहन चालक को जल्द पकड़कर उसके खिलाफ सख्त कार्रवाई करने की अपील की है।
पोस्टमार्टम के लिए नूरपुर अस्पताल भेजा शव
पुलिस ने राजकुमार के शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए सिविल अस्पताल नूरपुर भेज दिया है। पोस्टमार्टम की प्रक्रिया पूरी होने के बाद शव परिजनों को सौंपा जाएगा। वहीं, पुलिस ने मामला दर्ज कर दुर्घटना में शामिल वाहन और उसके चालक की तलाश तेज कर दी है।
दीपावली की रात जहां हर तरफ दीप जल रहे थे और लोग खुशियां मना रहे थे, वहीं गगवाल के एक परिवार का सहारा हमेशा के लिए छिन गया। अब तीन मासूम बच्चों के लिए हर दीपावली अपने पिता की याद और उनके इंतजार का दर्द लेकर आएगी।