हिमाचल

उत्तराखंड में बड़ा बस हादसा: 120 फीट गहरी खाई में गिरी यात्रियों से भरी बस 9 की मौत और 27 घायल

हिमाचल प्रदेश समेत देश के पहाड़ी राज्यों में सड़क हादसों का सिलसिला लगातार जारी है। आए दिन होने वाले इन हादसों में कई परिवारों के चिराग बुझ रहे हैं। अभी हिमाचल प्रदेश की राजधानी शिमला के रामपुर में हुए दर्दनाक हादसे को लोग भूले भी नहीं थे, जिसमें तीन लोगों की जान चली गई थी। इसी बीच पड़ोसी पहाड़ी राज्य उत्तराखंड से एक और दिल दहला देने वाली खबर सामने आई है।

यहां यात्रियों से भरी एक बस अचानक अनियंत्रित होकर करीब 120 फीट गहरी खाई में जा गिरी। हादसा इतना भयानक था कि बस सीधे नदी में जा समाई। इस दुर्घटना में 9 यात्रियों की मौत हो गई, जबकि 27 लोग घायल हुए हैं। हादसे के बाद घटनास्थल पर चीख-पुकार मच गई और यात्रियों को बचाने के लिए बड़े स्तर पर रेस्क्यू ऑपरेशन चलाना पड़ा।

सुबह-सुबह नदी में जा गिरी यात्रियों से भरी बस

प्राप्त जानकारी के अनुसार, हादसा मंगलवार सुबह करीब 4:50 बजे हुआ। गूलर चौकी के माध्यम से मुनिकीरेती थाने को सूचना मिली कि यात्रियों से भरी एक बस गूलर पुल से नीचे नदी में गिर गई है।

सूचना मिलते ही मुनिकीरेती और नरेंद्रनगर थाने की पुलिस, अग्निशमन विभाग, आपदा राहत दल और एसडीआरएफ की टीमें मौके पर पहुंच गईं। इसके अलावा शिवपुरी स्थित आईटीबीपी कैंप से जवानों को भी बचाव अभियान में लगाया गया।

हादसे की गंभीरता को देखते हुए 108 एंबुलेंस के साथ स्थानीय और निजी अस्पतालों की एंबुलेंस भी मौके पर बुलाई गईं। पुलिस और बचाव दलों ने कड़ी मशक्कत के बाद बस में फंसे यात्रियों को बाहर निकाला और घायलों को उपचार के लिए एम्स ऋषिकेश पहुंचाया।

इस दर्दनाक हादसे में सात लोगों ने मौके पर ही दम तोड़ दिया था, जबकि दो अन्य की मौत अस्पताल में इलाज के दौरान हो गई। इस तरह मृतकों की संख्या बढ़कर 9 हो गई है।

हरिद्वार से जोशीमठ जा रही थी बस

बताया जा रहा है कि विश्वनाथ सेवा की यह बस मंगलवार तड़के करीब 3:15 बजे हरिद्वार से जोशीमठ के लिए रवाना हुई थी। बस में चालक और परिचालक समेत कुल 34 लोग सवार थे।

बस को 48 वर्षीय राजेंद्र सिंह चला रहे थे, जो रुद्रप्रयाग जिले के क्यूरी पोखरी के निवासी थे। सुबह करीब 4:50 बजे जब बस गूलर पुल के पास पहुंची तो अचानक अनियंत्रित हो गई और करीब 120 फीट नीचे गूलर गाड नदी में जा गिरी।

हादसे में बस चालक राजेंद्र सिंह और परिचालक अनुज भंडारी की भी जान चली गई। पुलिस ने अब तक पांच मृतकों की पहचान कर ली है। इनमें विक्की (37), निवासी चंदौसी, संभल; पुन्नू (55), निवासी मैखंडी, टिहरी गढ़वाल; राज राय, निवासी जलपाईगुड़ी, पश्चिम बंगाल; चालक राजेंद्र सिंह (48) और परिचालक अनुज भंडारी (27) शामिल हैं। बाकी चार मृतकों की पहचान की जा रही है।

तीन साल की बच्ची समेत 27 लोग घायल

इस हादसे में घायल हुए 27 यात्रियों में तीन साल की मासूम बच्ची से लेकर 64 साल के बुजुर्ग तक शामिल हैं। घायलों में उत्तराखंड के अलावा झारखंड, बिहार, असम, दिल्ली, पश्चिम बंगाल, उत्तर प्रदेश और मध्य प्रदेश के यात्री भी बताए जा रहे हैं।

घायलों में तीन साल की आयरा और 64 वर्षीय आसापंथ भी शामिल हैं। सभी घायलों को उपचार के लिए एम्स ऋषिकेश में भर्ती करवाया गया है, जहां उनका इलाज जारी है।

वहीं, दुर्घटना के बाद पुलिस ने यात्रियों का सामान सुरक्षित एकत्रित कर गूलर चौकी में रखवा दिया है, ताकि उनके परिजनों को सामान सौंपा जा सके। फिलहाल पुलिस हादसे के कारणों का पता लगाने में जुटी हुई है।

शिमला के रामपुर में भी गई थी तीन लोगों की जान

गौरतलब है कि इससे एक दिन पहले हिमाचल प्रदेश के शिमला जिले के रामपुर बुशहर में भी एक भीषण सड़क हादसा पेश आया था। यहां रामपुर-गौरा सड़क पर बारसान मोड़ के पास सोमवार तड़के करीब तीन बजे एक कार अनियंत्रित होकर गहरी खाई में जा गिरी थी।

हादसे के समय कार में चालक समेत पांच लोग सवार थे। दुर्घटना में तीन लोगों की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि दो अन्य घायल हो गए। दुखद बात यह रही कि जान गंवाने वाले तीनों लोग एक ही गांव के रहने वाले थे।

लगातार सामने आ रहे इन हादसों ने एक बार फिर पहाड़ी सड़कों पर सफर की सुरक्षा को लेकर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं।

Spread the love

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *