बड़ी खबर हिमाचल में पर्यटकों से भरी टेंपो ट्रैवलर गहरी खाई में गिरी
हिमाचल प्रदेश में सड़क हादसों का ग्राफ लगातार बढ़ता जा रहा है। आए दिन हो रहे हादसों में कई लोग घायल हो रहे हैं, तो कई परिवारों की खुशियां पलभर में उजड़ रही हैं। अब ताजा मामला जिला कुल्लू की मणिकर्ण घाटी से सामने आया है, जहां पर्यटकों से भरी एक टेंपो ट्रैवलर अचानक अनियंत्रित होकर गहरी खाई में जा गिरी। हादसे के दौरान वाहन में सवार पर्यटकों में चीख-पुकार मच गई। इस दुर्घटना में 11 पर्यटक घायल हुए हैं।
मणिकर्ण घूमने जा रहे थे ओडिशा के पर्यटक
जानकारी के अनुसार, हादसा सोमवार को मणिकर्ण घाटी के सरसाड़ी के पास हुआ। बताया जा रहा है कि टेंपो ट्रैवलर में ओडिशा के पर्यटक सवार थे, जो घूमने के लिए मणिकर्ण जा रहे थे। इसी बीच सरसाड़ी के पास अचानक चालक वाहन से नियंत्रण खो बैठा। देखते ही देखते गाड़ी सड़क से फिसलकर गहरी खाई में जा गिरी।
11 पर्यटक घायल, 7 कुल्लू अस्पताल रेफर
हादसे के बाद स्थानीय लोगों और राहत दल की मदद से घायलों को बाहर निकाला गया और उपचार के लिए अस्पताल पहुंचाया गया। दुर्घटना में कुल 11 पर्यटकों को चोटें आई हैं। इनमें से 7 पर्यटकों की चोटों और हालत को देखते हुए उन्हें कुल्लू क्षेत्रीय अस्पताल रेफर किया गया है, जहां उनका इलाज जारी है।
हादसे के कारणों की जांच में जुटी पुलिस
फिलहाल टेंपो ट्रैवलर के खाई में गिरने की असली वजह स्पष्ट नहीं हो पाई है। शुरुआती जानकारी में चालक के वाहन से नियंत्रण खोने की बात सामने आई है, लेकिन आखिर किन परिस्थितियों में यह हादसा हुआ, इसका पता जांच के बाद ही चल पाएगा। पुलिस मामले की छानबीन कर रही है।