हिमाचल

शादी से 20 दिन पहले उजड़ा परिवार माता-पिता ने खोया इकलौता फौजी बेटा

हिमाचल प्रदेश के हमीरपुर जिले से एक बेहद दुखद खबर सामने आई है। यहां भारतीय सेना में तैनात 26 वर्षीय जवान की अचानक मौत से पूरा क्षेत्र गमगीन हो गया है। जवान के घर में कुछ ही दिनों बाद शहनाइयां बजने वाली थीं। 3 दिसंबर को उसकी शादी होनी तय थी और परिवार विवाह की तैयारियों में जुटा हुआ था। लेकिन किस्मत को कुछ और ही मंजूर था। शादी से महज 20 दिन पहले परिवार को ऐसी खबर मिली, जिसने सारी खुशियों को मातम में बदल दिया।

शादी से पहले जवान की मौत से टूटा परिवार

मामला हमीरपुर जिले के भोरंज उपमंडल के रुठानी गांव का है। यहां के रहने वाले 26 वर्षीय अक्षय कुमार भारतीय सेना में सेवाएं दे रहे थे। परिजनों से मिली जानकारी के अनुसार, अक्षय इन दिनों उत्तराखंड के जोशीमठ में तैनात थे, जहां उनकी अचानक मौत हो गई।

जवान की मौत किन परिस्थितियों में हुई, फिलहाल इसकी आधिकारिक पुष्टि नहीं हुई है। शुरुआती जानकारी में हार्ट अटैक की आशंका जताई जा रही है। हालांकि, वास्तविक कारणों का पता आधिकारिक जानकारी सामने आने के बाद ही चल पाएगा।

3 दिसंबर को सजने वाला था अक्षय के सिर पर सेहरा

इस घटना का सबसे दर्दनाक पहलू यह है कि अक्षय कुमार की शादी आगामी 3 दिसंबर को तय थी। घर में विवाह समारोह को लेकर तैयारियां जोरों पर थीं। परिवार के सदस्य बेटे की शादी को यादगार बनाने के सपने देख रहे थे। रिश्तेदारों और परिचितों को शादी में बुलाने की तैयारियां चल रही थीं।

लेकिन शादी से ठीक 20 दिन पहले आई जवान की मौत की खबर ने पूरे परिवार को झकझोर कर रख दिया। जिस घर में कुछ दिनों बाद शादी के गीत गूंजने थे, वहां अब अपनों को खोने का गम छाया हुआ है। माता-पिता जिस बेटे को दूल्हे के रूप में देखने का इंतजार कर रहे थे, अब उसी की पार्थिव देह घर पहुंचने की राह देख रहे हैं।

2020 में सेना में भर्ती हुए थे अक्षय

जानकारी के अनुसार, अक्षय कुमार ने 16 दिसंबर 2020 को भारतीय सेना में भर्ती होकर देशसेवा का संकल्प लिया था। महज 26 साल की उम्र में वह देश की सेवा कर रहे थे और अपने परिवार के साथ-साथ गांव का भी गौरव बने हुए थे।

अक्षय अपने माता-पिता की इकलौती संतान थे। उनके पिता राज कुमार कारोबारी हैं, जबकि माता सरोज कुमारी गृहिणी हैं। इकलौते बेटे की मौत से माता-पिता पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा है। जिस बेटे के भविष्य और शादी को लेकर उन्होंने न जाने कितने सपने संजोए थे, उसके अचानक दुनिया से चले जाने की खबर ने परिवार को पूरी तरह तोड़ दिया है।

गांव में पसरा मातम, पार्थिव देह का इंतजार

जवान के निधन की खबर फैलते ही रुठानी गांव सहित आसपास के क्षेत्रों में शोक की लहर दौड़ गई। ग्रामीणों और परिचितों का जवान के घर पहुंचने का सिलसिला जारी है। हर कोई शोक संतप्त परिवार को ढांढस बंधा रहा है।

नंधन पंचायत के प्रधान रवि कुमार ने भी अक्षय कुमार के निधन की पुष्टि की है। उन्होंने बताया कि अक्षय भारतीय सेना में सेवाएं दे रहे थे और उनके असामयिक निधन से पूरा गांव दुखी है। जानकारी के मुताबिक, जवान की पार्थिव देह को पैतृक गांव पहुंचने में एक से दो दिन का समय लग सकता है।

फिलहाल परिवार और ग्रामीण अपने वीर जवान की पार्थिव देह के घर पहुंचने का इंतजार कर रहे हैं, जहां उन्हें नम आंखों से अंतिम विदाई दी जाएगी। जिस घर में 3 दिसंबर को शादी की खुशियां मनाई जानी थीं, वहां अब हमेशा के लिए एक ऐसी कमी रह गई है, जिसे कभी पूरा नहीं किया जा सकेगा।

Spread the love

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *