फर्जी इंस्टा ID बनाकर महिला की इज्जत को कर दिया तार-तार
सोशल मीडिया पर फर्जी अकाउंट बनाकर किसी की छवि खराब करना और निजी जानकारी सार्वजनिक कर परेशान करना अब भारी पड़ सकता है। हिमाचल प्रदेश के कांगड़ा जिले में पुलिस ने एक ऐसे ही आरोपी को पंजाब से गिरफ्तार किया है, जिसने एक महिला और उसके परिवार को सोशल मीडिया के जरिए मानसिक रूप से प्रताड़ित करने में कोई कसर नहीं छोड़ी। आरोपी ने महिला के नाम से फर्जी इंस्टाग्राम अकाउंट बनाए, परिवार की तस्वीरें अपलोड कीं और उन पर अश्लील टिप्पणियां कीं। इतना ही नहीं, महिला का मोबाइल नंबर भी सोशल मीडिया पर सार्वजनिक कर दिया।
महिला के नाम से बनाए कई फर्जी इंस्टाग्राम अकाउंट
मामला कांगड़ा जिले के नूरपुर पुलिस जिला के तहत डमटाल थाना क्षेत्र का है। पीड़िता ने पुलिस को दी शिकायत में बताया कि किसी अज्ञात व्यक्ति ने उसके नाम से कई फर्जी इंस्टाग्राम अकाउंट बना रखे थे। इन अकाउंट्स के जरिए आरोपी महिला और उसके परिवार की तस्वीरें पोस्ट कर उन पर आपत्तिजनक और अश्लील टिप्पणियां कर रहा था।
जब महिला ने इस हरकत का विरोध किया तो आरोपी ने उसे और उसके परिवार को जान से मारने की धमकी तक दे डाली। इसके बाद आरोपी ने महिला का मोबाइल नंबर भी सोशल मीडिया पर सार्वजनिक कर दिया। नंबर वायरल होने के बाद अनजान लोगों के लगातार फोन आने लगे, जिससे महिला और उसका परिवार काफी परेशान हो गया। इस हरकत के चलते पीड़िता का सामान्य जीवन भी प्रभावित होने लगा।
लुधियाना में पुलिस ने दबोचा आरोपी
महिला की शिकायत मिलने के बाद डमटाल पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू की। मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस ने साइबर टीम की मदद ली और फर्जी इंस्टाग्राम अकाउंट से जुड़े तकनीकी साक्ष्य जुटाने शुरू किए। जांच के दौरान पुलिस को आरोपी के संबंध में अहम सुराग मिले, जिसके बाद एक विशेष टीम पंजाब के लुधियाना रवाना की गई।
पुलिस टीम ने कार्रवाई करते हुए लुधियाना के शेरपुर चौक से आरोपी को गिरफ्तार कर लिया। आरोपी की पहचान शाम लाल निवासी शेरपुर चौक, लुधियाना के रूप में हुई है। पुलिस ने उसके कब्जे से मोबाइल फोन सहित अन्य सामान भी जब्त किया है, जिनका इस्तेमाल कथित तौर पर इस पूरी गतिविधि में किया जा रहा था।
आरोपी से पूछताछ में जुटी पुलिस
फिलहाल पुलिस आरोपी से पूछताछ कर रही है। जांच में यह पता लगाने का प्रयास किया जा रहा है कि उसने महिला को निशाना क्यों बनाया और क्या वह इससे पहले भी किसी अन्य महिला के नाम से फर्जी सोशल मीडिया अकाउंट बनाकर ऐसी हरकतें कर चुका है। पुलिस मामले से जुड़े डिजिटल साक्ष्यों की भी जांच कर रही है।