हिमाचल में पत्नी ने ही कर दी अपने पति की ह**त्या
हिमाचल प्रदेश के चंबा जिले से एक सनसनीखेज मामला सामने आया है, जहां पति-पत्नी के बीच हुआ मामूली विवाद एक व्यक्ति की मौत का कारण बन गया। मामला प्रसिद्ध पर्यटन स्थल खजियार का है। यहां घर जाने की बात को लेकर पति-पत्नी के बीच कहासुनी हो गई। आरोप है कि गुस्से में पत्नी ने पति के सिर पर पत्थर से हमला कर दिया। गंभीर रूप से घायल पति पूरी रात खुले आसमान के नीचे ठंड में पड़ा रहा और सुबह उसकी मौत हो गई। घटना के बाद पूरे इलाके में हड़कंप मच गया है। पुलिस ने आरोपी पत्नी को गिरफ्तार कर लिया है।
घर जाने की बात पर हुआ झगड़ा
प्राप्त जानकारी के अनुसार, मृतक की पहचान 58 वर्षीय कुंजलाल पुत्र फिंचा राम के रूप में हुई है। वह मूल रूप से भरमौर क्षेत्र का रहने वाला था और काफी समय से खजियार में रहकर फोटोग्राफी का काम कर रहा था। बताया जा रहा है कि बुधवार को कुंजलाल और उसकी पत्नी रजनी के बीच घर जाने को लेकर विवाद शुरू हुआ था।
देखते ही देखते मामूली कहासुनी बढ़ गई। पुलिस की प्रारंभिक जांच के अनुसार, इसी दौरान पत्नी ने कथित तौर पर पत्थर उठाकर कुंजलाल के सिर पर वार कर दिया। चोट इतनी गंभीर थी कि वह बेसुध होकर वहीं गिर पड़ा। आरोप है कि इसके बाद पत्नी उसे घायल अवस्था में छोड़कर वहां से चली गई। पूरी रात खुले में पड़े रहने के कारण उसकी हालत बिगड़ती गई और आखिरकार उसने दम तोड़ दिया।
सुबह मृत अवस्था में मिला व्यक्ति
वीरवार सुबह खजियार पुलिस चौकी के नजदीक एक व्यक्ति का शव मिलने से इलाके में सनसनी फैल गई। स्थानीय लोगों ने इसकी सूचना तुरंत पुलिस को दी। जानकारी मिलते ही सदर थाना चंबा के प्रभारी इंस्पेक्टर रमन चौधरी की अगुवाई में पुलिस टीम मौके पर पहुंची और घटनास्थल का निरीक्षण किया।
शुरुआती जांच में मामला संदिग्ध नजर आने पर पुलिस ने आसपास के लोगों से पूछताछ की और घटनास्थल से जरूरी साक्ष्य जुटाए। जांच के दौरान पति-पत्नी के बीच हुए विवाद और पत्नी की भूमिका सामने आई। इसके बाद पुलिस ने कार्रवाई करते हुए रजनी को गिरफ्तार कर लिया।
फॉरेंसिक टीम ने जुटाए साक्ष्य
मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस ने फॉरेंसिक टीम को भी मौके पर बुलाया। टीम ने घटनास्थल से जरूरी साक्ष्य एकत्रित किए हैं, ताकि वारदात से जुड़ी परिस्थितियों का पता लगाया जा सके। मेडिकल कॉलेज चंबा में पोस्टमार्टम करवाने के बाद मृतक का शव परिजनों को सौंप दिया गया है।
एसपी चंबा विजय कुमार सकलानी ने मामले की पुष्टि करते हुए बताया कि पुलिस ने आरोपी पत्नी को गिरफ्तार कर लिया है और मामले में आगामी जांच जारी है।
खूबसूरत वादियों के लिए मशहूर खजियार में हुई इस घटना ने हर किसी को झकझोर कर रख दिया है। जिस विवाद की शुरुआत घर जाने जैसी मामूली बात से हुई, उसका अंत एक व्यक्ति की मौत के रूप में हुआ। फिलहाल पुलिस मामले के हर पहलू की जांच कर रही है।