हिमाचल

युवती और 3 साथियों के साथ होटल में रूका था 26 वर्षीय उमेश

हिमाचल प्रदेश की राजधानी शिमला से एक सनसनीखेज मामला सामने आया है। यहां एक निजी होटल के कमरे में 26 वर्षीय युवक का शव मिलने से हड़कंप मच गया। बताया जा रहा है कि युवक रात के समय कुछ लोगों के साथ होटल में ठहरा हुआ था, लेकिन सुबह उसकी मौत की खबर सामने आई। घटना के बाद मृतक के परिजनों ने होटल प्रबंधन और साथ मौजूद लोगों की कार्यप्रणाली पर सवाल उठाए हैं और पूरे मामले की निष्पक्ष जांच की मांग की है।

होटल के कमरे में मिला युवक का शव

मिली जानकारी के अनुसार मृतक की पहचान ननखड़ी क्षेत्र के करांगला गांव निवासी उमेश सिंगला (26) के रूप में हुई है। बताया जा रहा है कि उमेश शिमला के एक निजी होटल में ठहरा हुआ था। उस दौरान कमरे में उसके साथ एक युवती और तीन अन्य युवक भी मौजूद थे। इसी बीच देर रात उमेश की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हो गई।

हैरानी की बात यह है कि परिजनों के अनुसार उमेश की मौत रात में ही हो गई थी, लेकिन पुलिस को इसकी सूचना सुबह करीब 6 बजे के बाद दी गई। सूचना देने में हुई कथित देरी को लेकर परिवार ने गंभीर सवाल खड़े किए हैं।

होटल प्रबंधन पर परिजनों ने उठाए सवाल

युवक की मौत की खबर मिलते ही परिवार में कोहराम मच गया। उमेश के मामा देवीलाल ने होटल प्रबंधन और कमरे में मौजूद लोगों पर लापरवाही के आरोप लगाए हैं। उनका कहना है कि अगर युवक की मौत रात में ही हो गई थी तो पुलिस को तुरंत सूचना क्यों नहीं दी गई?

परिजनों ने मांग की है कि घटना के समय कमरे में मौजूद युवती और तीनों युवकों से विस्तार से पूछताछ की जाए। साथ ही होटल के कर्मचारियों और प्रबंधन की भूमिका की भी जांच होनी चाहिए, ताकि उमेश की मौत के पीछे की वास्तविक वजह सामने आ सके।

पोस्टमार्टम रिपोर्ट से खुलेगा मौत का राज

फिलहाल युवक की मौत के कारण स्पष्ट नहीं हो पाए हैं। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। अब पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही मौत की असली वजह का पता चल सकेगा।

पुलिस होटल में हुई इस घटना के हर पहलू की जांच कर रही है और कमरे में मौजूद लोगों सहित होटल प्रबंधन से भी जानकारी जुटाई जा रही है। फिलहाल कई सवाल ऐसे हैं, जिनके जवाब जांच के बाद ही मिल पाएंगे। आखिर उमेश की मौत किन परिस्थितियों में हुई और पुलिस को सूचना देने में देरी क्यों हुई, इन सभी पहलुओं से पर्दा उठना अभी बाकी है।

Spread the love

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *