हिमाचल में सड़क किनारे खड़ी कार बनी काल- चालक ने खोला दरवाजा
हिमाचल प्रदेश में सड़क हादसों के बढ़ते मामलों ने एक बार फिर चिंता बढ़ा दी है। ताजा मामला कांगड़ा जिले से सामने आया है, जहां एक छोटी-सी लापरवाही ने एक बुजुर्ग व्यक्ति की जान ले ली।
जानकारी के अनुसार, यह घटना कांगड़ा के गगल क्षेत्र की है। लाल सिंह (62), निवासी ढुगियारी, अपनी बाइक पर चैतड़ू से गगल की ओर जा रहे थे। इसी दौरान सड़क किनारे खड़ी एक कार के चालक ने बिना पीछे देखे अचानक गाड़ी का दरवाजा खोल दिया। उसी समय बाइक वहां से गुजर रही थी और सीधे खुले दरवाजे से टकरा गई।
टक्कर इतनी जोरदार थी कि लाल सिंह संतुलन खो बैठे और सड़क पर गिर पड़े, जिससे उन्हें गंभीर चोटें आईं। हादसे के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई। आसपास के लोगों ने तुरंत मदद करते हुए उन्हें टांडा मेडिकल कॉलेज पहुंचाया, जहां डॉक्टरों ने उनका इलाज शुरू किया।
हालांकि, उनकी चोटें काफी गंभीर थीं और तमाम कोशिशों के बावजूद उन्हें बचाया नहीं जा सका। इलाज के दौरान ही उन्होंने दम तोड़ दिया। इस दुखद घटना के बाद परिवार और पूरे इलाके में शोक की लहर दौड़ गई है।
घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू कर दी। एसपी कांगड़ा अशोक रत्न ने बताया कि मामले की गहन जांच की जा रही है। पोस्टमार्टम के बाद शव परिजनों को सौंप दिया गया है। पुलिस का कहना है कि लापरवाही बरतने वाले कार चालक के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी।