ऊना में शिक्षिका से मारपीट का आरोप तीन लोगों पर केस दर्ज
Himachal Pradesh के Una जिले के बंगाणा उपमंडल के रायपुर मैदान क्षेत्र में एक सरकारी स्कूल की शिक्षिका के साथ कथित मारपीट और धमकी देने का मामला सामने आया है। घटना को लेकर बंगाणा थाना पुलिस ने तीन लोगों के खिलाफ मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। बताया जा रहा है कि विवाद जमीन संबंधी मामले से जुड़ा हुआ है।
शिकायतकर्ता पुष्पा देवी, जो राजकीय प्राथमिक पाठशाला चुरड़ी में अध्यापिका हैं, ने पुलिस को दी शिकायत में बताया कि उनके पड़ोसी रमेश चंद, राकेश कुमार और कमलेश देवी स्कूल परिसर में पहुंचे और उनके साथ गाली-गलौज की। आरोप है कि तीनों ने जमीन विवाद को लेकर स्कूल में हंगामा किया और प्रिंसिपल के सामने शिक्षिका के बारे में गलत बातें कहीं। साथ ही उन्हें स्कूल से निकलवाने की धमकी भी दी गई।
शिक्षिका के अनुसार, स्कूल की छुट्टी के बाद जब वह अपने बेटे के साथ घर लौट रही थीं, तब आरोपितों ने रास्ते में उन्हें रोक लिया। इस दौरान उनके साथ धक्का-मुक्की और मारपीट की गई। शिकायत में कहा गया है कि कमलेश देवी ने उन्हें थप्पड़ भी मारे। मौके पर मौजूद रजनी नामक महिला ने बीच-बचाव कर मामला शांत करवाया।
पीड़िता ने यह भी बताया कि 4 मई को भी दोनों पक्षों के बीच विवाद हुआ था। मामले की पुष्टि करते हुए एएसपी संजीव भाटिया ने कहा कि पुलिस ने शिकायत के आधार पर केस दर्ज कर लिया है और मामले की जांच जारी है।