वाहन चालक ने कुचल दिया सड़क किनारे जा रहा शख्स
हिमाचल प्रदेश में लापरवाही से वाहन चलाने के कारण सड़क हादसों में लगातार बढ़ोतरी हो रही है। ताजा मामला जिला सिरमौर से सामने आया है, जहां एक तेज रफ्तार अज्ञात वाहन ने सड़क किनारे जा रहे एक व्यक्ति को टक्कर मार दी। टक्कर इतनी जोरदार थी कि व्यक्ति की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि चालक हादसे के बाद फरार हो गया।
सड़क पर औंधे मुंह पड़ा मिला व्यक्ति
जानकारी के अनुसार, यह घटना माजरा थाना क्षेत्र के धौलाकुआं इलाके की है। देर रात भारापुर स्थित एक रिसॉर्ट में कार्यरत प्रबंधक परीक्षित शर्मा ड्यूटी खत्म कर घर लौट रहे थे। इसी दौरान उन्होंने सड़क किनारे एक व्यक्ति को औंधे मुंह गिरा हुआ देखा। शक होने पर उन्होंने गाड़ी रोककर पास जाकर देखा, लेकिन व्यक्ति में कोई हलचल नहीं थी।
अभी तक नहीं हो सकी पहचान
स्थिति गंभीर लगने पर उन्होंने तुरंत पुलिस को सूचना दी। मौके पर पहुंची पुलिस ने जांच शुरू की। प्रारंभिक जांच में सामने आया कि किसी अज्ञात तेज रफ्तार वाहन ने राहगीर को टक्कर मारी, जिससे उसकी मौके पर ही मौत हो गई। फिलहाल मृतक की पहचान नहीं हो पाई है, जिससे जांच में दिक्कत आ रही है।
सीसीटीवी फुटेज खंगाल रही पुलिस
पुलिस अधीक्षक एन.एस. नेगी ने मामले की पुष्टि करते हुए बताया कि अज्ञात वाहन चालक के खिलाफ लापरवाही से वाहन चलाने और गैर-इरादतन हत्या का मामला दर्ज किया गया है। आरोपी की तलाश के लिए आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली जा रही है। पुलिस की प्राथमिकता मृतक की पहचान और फरार चालक को जल्द पकड़ना है।