हिमाचल

हिमाचल में एक और म*र्डर: गला रे.त कर मौ*त के घाट उतारा 45 वर्षीय लोहार

हिमाचल प्रदेश में लगातार बढ़ते आपराधिक मामलों ने लोगों की चिंता बढ़ा दी है। कभी शांत और सुरक्षित माने जाने वाले प्रदेश में अब हत्या, चोरी और हिंसक वारदातों के मामले लगातार सामने आ रहे हैं। इसी बीच कांगड़ा जिले के जवाली क्षेत्र से एक और सनसनीखेज हत्याकांड सामने आया है, जिसने पूरे इलाके में दहशत फैला दी है।

जानकारी के अनुसार जवाली पुलिस थाना के तहत ग्राम पंचायत बेही पठियार के गांव मंडोल वार्ड नंबर-5 में 45 वर्षीय सुभाष चंद्र पुत्र दालती राम की बेरहमी से हत्या कर दी गई। मृतक पेशे से लोहार था और रोज की तरह अपने कार्यस्थल पर काम कर रहा था। इसी दौरान किसी अज्ञात हमलावर ने तेजधार हथियार से उसका गला काट दिया, जिससे उसकी मौके पर ही मौत हो गई।

घटना का पता चलते ही पूरे क्षेत्र में सनसनी फैल गई। स्थानीय लोग इस वारदात से स्तब्ध हैं, क्योंकि फिलहाल यह स्पष्ट नहीं हो पाया है कि हत्या किसने और क्यों की। पुलिस के लिए यह मामला ब्लाइंड मर्डर बन गया है, क्योंकि घटना का कोई प्रत्यक्षदर्शी सामने नहीं आया है। वहीं हत्या में इस्तेमाल किया गया हथियार भी अभी तक बरामद नहीं हो सका है।

सूचना मिलने के बाद पुलिस टीम मौके पर पहुंची और घटनास्थल को घेरकर जांच शुरू कर दी। फोरेंसिक विशेषज्ञों को भी बुलाया गया, जिन्होंने मौके से कई वैज्ञानिक साक्ष्य जुटाए हैं। माना जा रहा है कि यही सबूत इस हत्याकांड की गुत्थी सुलझाने में अहम भूमिका निभा सकते हैं।

पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद हत्या के समय और तरीके को लेकर अहम खुलासे हो सकते हैं। मृतक की पत्नी के बयान के आधार पर अज्ञात व्यक्ति के खिलाफ हत्या का मामला दर्ज कर लिया गया है। पुलिस परिवार के सदस्यों, रिश्तेदारों और आसपास के लोगों से पूछताछ कर रही है ताकि हत्या के पीछे की वजह का पता लगाया जा सके।

नूरपुर के एएसपी धर्म चंद वर्मा ने बताया कि पुलिस सभी पहलुओं को ध्यान में रखते हुए मामले की जांच कर रही है। फोरेंसिक टीम द्वारा जुटाए गए साक्ष्यों की भी बारीकी से जांच की जा रही है।

प्रदेश में बीते करीब 12 दिनों के भीतर यह चौथा बड़ा हत्या का मामला सामने आया है। इससे पहले 13 जून को शिमला के संजौली में एक निजी स्कूल संचालिका की गोली मारकर हत्या कर दी गई थी। 16 जून को रोहड़ू में एक बुजुर्ग महिला की घर में घुसकर हत्या की गई, जबकि 22 जून को मंडी जिले के सुंदरनगर में एक युवक ने अपनी मां की हत्या कर दी थी। अब जवाली में सामने आए इस हत्याकांड ने प्रदेश में बढ़ते अपराधों को लेकर नई बहस छेड़ दी है।

Spread the love

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *