हिमाचल

Shimla | एक महीने से गायब शख्स की जंगल में सड़ी-गली देह हुई बरामद

जिला शिमला के सुन्नी क्षेत्र में उस समय सनसनी फैल गई, जब करीब एक महीने से लापता 48 वर्षीय व्यक्ति का शव जंगल में पेड़ से लटका हुआ मिला। शव मिलने के बाद पूरे इलाके में हड़कंप मच गया, जबकि परिवार का रो-रोकर बुरा हाल है।

जानकारी के अनुसार, सुन्नी क्षेत्र के बड़मैन धार जंगल से गुजर रहे कुछ लोगों की नजर देवदार के पेड़ पर लटके शव पर पड़ी। नजदीक जाकर देखने पर उन्होंने तुरंत पुलिस को सूचना दी। सूचना मिलते ही पुलिस टीम मौके पर पहुंची और जांच शुरू की।

पुलिस ने बताया कि जंगल के ढांक वाले इलाके में रस्सी के सहारे शव पेड़ की टहनी से लटका हुआ था। शव काफी पुराना होने के कारण उसकी हालत खराब हो चुकी थी। मौके से रस्सी और अन्य सामान कब्जे में लेकर जांच की गई। कपड़ों और शारीरिक बनावट के आधार पर आशंका जताई गई कि शव सुन्नी क्षेत्र से लापता व्यक्ति का हो सकता है।

इसके बाद मृतक के पिता नील चंद, भाई इंद्र और गांव के अन्य लोगों को मौके पर बुलाया गया। परिजनों ने शव की पहचान प्रेम प्रकाश निवासी गांव जुब्बड़, डाकघर दुर्गापुर, तहसील सुन्नी, जिला शिमला के रूप में की।

बताया जा रहा है कि प्रेम प्रकाश की गुमशुदगी की रिपोर्ट 21 मई 2026 को पुलिस थाना सुन्नी में दर्ज करवाई गई थी। इसके बाद से पुलिस और परिजन लगातार उसकी तलाश कर रहे थे।

पुलिस के मुताबिक शव की स्थिति को देखते हुए आशंका जताई जा रही है कि व्यक्ति की मौत करीब एक महीने पहले हुई होगी। शव को पोस्टमार्टम के लिए सुन्नी नागरिक अस्पताल भेज दिया गया है।

प्रारंभिक जांच में मामला आत्महत्या का प्रतीत हो रहा है, हालांकि पुलिस ने कहा है कि मौत के सही कारणों का खुलासा पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही हो सकेगा। फिलहाल पुलिस सभी पहलुओं को ध्यान में रखकर मामले की जांच कर रही है।

Spread the love

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *