लिव-इन पार्टनर ने नंबर किया ब्लॉक दुखी प्रेमिका ने निगला ज*हर
हिमाचल प्रदेश के कांगड़ा जिले से एक भावुक और चिंताजनक मामला सामने आया है। पंचरुखी थाना क्षेत्र में एक युवती ने कथित तौर पर जहरीला पदार्थ निगल लिया। युवती की हालत बिगड़ने पर उसे तुरंत अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां उसका उपचार जारी है।
जानकारी के अनुसार, युवती पहले पंजाब के मोहाली में एक निजी कंपनी में कार्यरत थी। इसी दौरान उसकी पहचान एक युवक से हुई। दोनों के बीच नजदीकियां बढ़ीं और करीब तीन वर्षों तक दोनों लिव-इन रिलेशनशिप में रहे। युवती का आरोप है कि युवक ने उससे शादी का वादा किया था।
पीड़िता के मुताबिक, कुछ समय पहले वह नौकरी छोड़कर अपने गांव लौट आई थी। शुरुआत में दोनों के बीच बातचीत सामान्य रही, लेकिन पिछले कुछ दिनों से युवक का व्यवहार बदल गया। युवती का कहना है कि युवक ने पहले बातचीत कम कर दी और बाद में उसका नंबर भी ब्लॉक कर दिया।
परिजनों के अनुसार, इस घटना के बाद युवती मानसिक तनाव में रहने लगी थी। शादी की उम्मीद टूटने और रिश्ते में आई दूरी से वह काफी परेशान थी। इसी तनाव के बीच उसने घर में रखा फिनाइल पी लिया।
युवती की मां और बहन उसे तुरंत पालमपुर अस्पताल लेकर पहुंचीं, जहां समय रहते इलाज शुरू होने से उसकी हालत पर नियंत्रण पाया जा सका।
घटना की सूचना मिलने के बाद पुलिस अस्पताल पहुंची और युवती के बयान दर्ज किए। प्रारंभिक जांच में युवती ने मानसिक तनाव और प्रेम संबंध टूटने को इस कदम की वजह बताया है।
पुलिस का कहना है कि मामले के सभी पहलुओं की गहन जांच की जा रही है। दोनों के संबंध, बातचीत और अन्य परिस्थितियों की जांच के बाद आगे की कानूनी कार्रवाई तय की जाएगी। फिलहाल युवती का इलाज जारी है।