सोलन

सोलन में पत्नी की बेरहमी से हत्या बेलन से वार कर उतारा मौत के घाट

सोलन में पत्नी की बेरहमी से हत्या, बेलन से वार कर उतारा मौत के घाट, आरोपी पति गिरफ्तार

हिमाचल प्रदेश के जिला सोलन के औद्योगिक क्षेत्र बद्दी से एक दिल दहला देने वाली वारदात सामने आई है। भटोली कलां में घरेलू विवाद ने ऐसा भयावह रूप ले लिया कि एक पति ने अपनी ही पत्नी की बेरहमी से हत्या कर दी। पुलिस ने मामले का खुलासा करते हुए आरोपी पति को गिरफ्तार कर लिया है। घटना के बाद पूरे इलाके में सनसनी फैल गई है।

घरेलू विवाद बना हत्या की वजह

पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार, मंगलवार देर रात भटोली कलां में रहने वाले पति-पत्नी के बीच किसी बात को लेकर कहासुनी हुई। देखते ही देखते विवाद इतना बढ़ गया कि गुस्से में आए पति सुरेंद्र बेदिया ने घर में रखे बेलन से पत्नी सुनीता के सिर पर कई वार कर दिए। हमले में महिला गंभीर रूप से घायल हो गई और उसकी मौके पर ही मौत हो गई।

शव सड़क किनारे फेंककर भागा आरोपी

वारदात को अंजाम देने के बाद आरोपी ने पत्नी के शव को सड़क किनारे फेंक दिया ताकि हत्या को छिपाया जा सके। घटना की सूचना मिलते ही बरोटीवाला पुलिस मौके पर पहुंची और त्वरित कार्रवाई करते हुए आरोपी सुरेंद्र बेदिया को गिरफ्तार कर लिया।

झारखंड के रहने वाले थे दोनों

मृतका सुनीता और आरोपी सुरेंद्र बेदिया मूल रूप से झारखंड के रामगढ़ जिले के निवासी थे। दोनों बद्दी की एक निजी कंपनी में कार्यरत थे और भटोली क्षेत्र में बिरला कंपनी के पास स्थित एक कॉलोनी में किराए के मकान में रह रहे थे।

एफएसएल टीम ने जुटाए अहम साक्ष्य

घटना की गंभीरता को देखते हुए एसपी बद्दी विनोद धीमान भी मौके पर पहुंचे और जांच का जायजा लिया। पुलिस ने घटनास्थल का निरीक्षण कर जरूरी साक्ष्य एकत्र किए। वहीं फोरेंसिक साइंस लैब (एफएसएल) की टीम ने भी मौके पर पहुंचकर वैज्ञानिक तरीके से जांच की और कई महत्वपूर्ण सबूत जुटाए। महिला के शव को पोस्टमार्टम के लिए सीएचसी बद्दी भेज दिया गया है।

पुलिस कर रही गहन पूछताछ

एसपी बद्दी विनोद धीमान ने बताया कि आरोपी पति को गिरफ्तार कर लिया गया है। मामले की हर पहलू से जांच की जा रही है और आरोपी से लगातार पूछताछ की जा रही है, ताकि हत्या के पीछे की पूरी वजह सामने आ सके। पोस्टमार्टम और फोरेंसिक रिपोर्ट मिलने के बाद मामले में आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी।

Spread the love

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *