हिमाचल

मंडी में दर्दनाक हादसा: खड्ड में डूबने से IIT छात्र की मौत

मंडी जिले के पधर उपमंडल से एक दुखद घटना सामने आई है। कमांद क्षेत्र में खड्ड में नहाने गए 21 वर्षीय छात्र की डूबने से मौत हो गई। इस हादसे के बाद पूरे इलाके और छात्र समुदाय में शोक का माहौल है।

जानकारी के अनुसार शुक्रवार दोपहर करीब 1:40 बजे पुलिस पोस्ट कमांद को सूचना मिली कि रियागड़ी खड्ड में एक युवक नहाते समय पानी में डूब गया है। सूचना मिलते ही पुलिस टीम तुरंत मौके पर पहुंची।

बताया जा रहा है कि स्थानीय लोगों ने युवक को पानी से बाहर निकाल लिया था, लेकिन उस समय वह बेहोश अवस्था में था। पुलिस और स्थानीय लोगों की मदद से उसे तुरंत जोनल अस्पताल मंडी पहुंचाया गया, जहां डॉक्टरों ने उसे बचाने की कोशिश की। हालांकि जांच के बाद डॉक्टरों ने युवक को मृत घोषित कर दिया।

मृतक की पहचान विपिन कुमार (21) निवासी लोहारू, जिला भिवानी, हरियाणा के रूप में हुई है। वह IIT मंडी के साउथ कैंपस कमांद स्थित नाको हॉस्टल में रहकर बीटेक की पढ़ाई कर रहा था। बताया जा रहा है कि विपिन पढ़ाई में होनहार छात्र था और अपने भविष्य को लेकर काफी मेहनती था।

घटना की खबर मिलते ही अस्पताल परिसर और छात्र समुदाय में शोक की लहर फैल गई। वहीं परिवार को सूचना मिलने के बाद घर में मातम छा गया है। परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है।

पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए अस्पताल के शवगृह में रखवा दिया है। थाना प्रभारी अनिल कटोच ने बताया कि पुलिस मामले की हर पहलू से जांच कर रही है। साथ ही यह भी देखा जा रहा है कि हादसे के पीछे कोई लापरवाही या अन्य कारण तो नहीं था।

Spread the love

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *