हिमाचल

कुल्लू में दर्दनाक सड़क हादसा: गहरी खाई में गिरी कार चालक की मौके पर मौत

 

 

हिमाचल प्रदेश में सड़क हादसे लगातार लोगों की जान ले रहे हैं। ताजा मामला कुल्लू जिले से सामने आया है, जहां मनाली-नग्गर मार्ग पर एक कार अनियंत्रित होकर गहरी खाई में जा गिरी। हादसा इतना भीषण था कि कार चालक की मौके पर ही मौत हो गई।

जानकारी के अनुसार यह हादसा मनाली-नग्गर मार्ग पर रांगड़ी कैंची मोड़ के समीप हुआ। कार (HP-35-6758) मनाली की ओर जा रही थी। जैसे ही वाहन रांगड़ी कैंची मोड़ के पास पहुंचा, चालक अचानक नियंत्रण खो बैठा और कार सड़क से फिसलकर गहरी खाई में जा गिरी। दुर्घटना के बाद वाहन पूरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया।

हादसे को देखकर स्थानीय लोग तुरंत मौके पर पहुंचे और पुलिस को सूचना दी। सूचना मिलते ही पतलीकूहल पुलिस थाना की टीम घटनास्थल पर पहुंची। पुलिस और स्थानीय लोगों ने संयुक्त रूप से राहत एवं बचाव अभियान चलाया। खाई काफी गहरी होने के कारण शव तक पहुंचने और उसे बाहर निकालने में काफी मशक्कत करनी पड़ी।

इस हादसे में कार चालक 55 वर्षीय अमरनाथ, पुत्र स्वर्गीय थलिया राम, निवासी गांव धमसु, डाकघर करजां, तहसील मनाली, जिला कुल्लू की मौके पर ही मौत हो गई। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेजा। पोस्टमार्टम के बाद शव परिजनों को सौंप दिया गया। इस दर्दनाक हादसे के बाद परिवार में शोक की लहर है।

पुलिस ने इस मामले में पतलीकूहल थाना में अभियोग संख्या 61/26 दर्ज किया है। भारतीय न्याय संहिता (BNS) की धारा 281 और 106 के तहत मामला दर्ज कर दुर्घटना की जांच शुरू कर दी गई है।

फिलहाल यह स्पष्ट नहीं हो पाया है कि कार किन परिस्थितियों में अनियंत्रित हुई। पुलिस तेज रफ्तार, सड़क की स्थिति, वाहन में तकनीकी खराबी या अन्य संभावित कारणों की जांच कर रही है। जांच पूरी होने के बाद ही हादसे की वास्तविक वजह सामने आ सकेगी।

कुल्लू के पुलिस अधीक्षक मदन लाल कौशल ने मामले की पुष्टि करते हुए बताया कि दुर्घटना की हर पहलू से जांच की जा रही है और पुलिस आवश्यक कानूनी कार्रवाई में जुटी हुई है।

Spread the love

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *