हिमाचल

बेटे के लिए साइकिल लेने निकला पिता गिरि खड्ड में डूबने से मौत

 

हिमाचल प्रदेश के शिमला जिले में एक दर्दनाक हादसे ने एक परिवार की खुशियां मातम में बदल दीं। ठियोग क्षेत्र में गिरि खड्ड में डूबने से 27 वर्षीय युवक की मौत हो गई। मृतक अपने दो साल के मासूम बेटे के लिए साइकिल खरीदने घर से निकला था, लेकिन बेटे के लिए सरप्राइज लेकर लौटने से पहले ही उसकी जिंदगी खत्म हो गई।

मृतक की पहचान सिरमौर जिले के भड़ोली गांव निवासी 27 वर्षीय अक्षु भारद्वाज के रूप में हुई है। हादसे की खबर मिलते ही परिवार में कोहराम मच गया। जिस पिता के घर लौटने का मासूम बेटा इंतजार कर रहा था, अब वह कभी वापस नहीं आएगा।

बेटे के लिए साइकिल लेने गया था अक्षु

परिजनों के मुताबिक, अक्षु वीरवार को अपने दो वर्षीय बेटे के लिए साइकिल खरीदने के लिए छैला की तरफ गया था। उसके साथ एक अन्य युवक भी मौजूद था। रास्ते में दोनों गिरि खड्ड के पास पहुंचे, जहां कुछ स्थानीय लोग पानी में नहा रहे थे।

बताया जा रहा है कि स्थानीय लोगों को खड्ड में नहाता देखकर अक्षु भी पानी में उतर गया। उसने अपने कपड़े और मोबाइल फोन किनारे पर रख दिए। इसके बाद वह गहरे पानी की तरफ चला गया।

गहरे पानी में फंसा, साथी नहीं कर सका मदद

कुछ देर बाद अक्षु गहरे पानी में डूबने लगा। उसने बाहर निकलने की कोशिश की, लेकिन वह खुद को बचाने में कामयाब नहीं हो सका। उसके साथ मौजूद युवक ने मदद करने की कोशिश नहीं की, क्योंकि उसे तैरना नहीं आता था।

देखते ही देखते युवक पानी में समा गया। बाद में स्थानीय निवासी हरि अंश ने गिरि खड्ड से अक्षु के शव को बाहर निकाला। घटना की सूचना पुलिस को दी गई, जिसके बाद पुलिस टीम मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लिया।

पत्नी भी बेटे के साथ लौटने वाली थी घर

इस हादसे का सबसे दर्दनाक पहलू यह है कि अक्षु अपने छोटे बेटे के लिए साइकिल खरीदने निकला था। वह बेटे को एक खास सरप्राइज देना चाहता था।

बताया जा रहा है कि उसी दिन अक्षु की पत्नी भी अपने मायके से बेटे के साथ घर लौटने वाली थी। परिवार को बिल्कुल अंदाजा नहीं था कि जिस दिन घर में खुशियां लौटनी थीं, उसी दिन परिवार पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ेगा।

पुलिस ने शुरू की जांच

पुलिस ने शव को गिरि खड्ड से निकालकर सिविल अस्पताल ठियोग पहुंचाया। शव का पोस्टमार्टम करवाया जा रहा है। पुलिस ने मामले में आवश्यक कानूनी कार्रवाई शुरू कर दी है। पोस्टमार्टम के बाद शव परिजनों को सौंपा जाएगा।

बेटे के चेहरे पर मुस्कान देखने की चाहत में घर से निकला एक पिता अब हमेशा के लिए इस दुनिया से चला गया। दो साल का मासूम शायद अभी इस दर्द को समझ भी नहीं पाएगा, लेकिन पिता की कमी उसके जीवन में हमेशा बनी रहेगी।

Spread the love

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *