हिमाचल में बर्फ बनी काल! सड़क से फिसली गाड़ी नाले में गिरी पति-पत्नी की मौ**त
हिमाचल प्रदेश में सर्दियों की शुरुआत के साथ ही पहाड़ी सड़कों पर सफर करना जोखिम भरा होता जा रहा है। ऊंचाई वाले इलाकों में तापमान गिरने से सड़कें फिसलन भरी हो रही हैं, जो वाहन चालकों के लिए जानलेवा साबित हो सकती हैं। ताजा मामला जनजातीय जिला लाहौल-स्पीति से सामने आया है, जहां सड़क पर जमी बर्फ के कारण एक पिकअप वाहन अनियंत्रित होकर नाले में जा गिरा। इस दर्दनाक हादसे में पति-पत्नी की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि एक अन्य युवक घायल हो गया।
पिकअप फिसलकर नाले में गिरी
मिली जानकारी के अनुसार, हादसा तांदी-प्यूकर मार्ग पर पेट्रोल पंप के समीप पेश आया। पिकअप नंबर HP 42-3830 गोजंग गांव से तांदी की तरफ जा रही थी। इसी दौरान सड़क पर जमा पानी जमकर बर्फ बन चुका था। बताया जा रहा है कि फिसलन के चलते चालक वाहन पर नियंत्रण नहीं रख पाया और पिकअप सड़क से नीचे नाले में जा गिरी।
दुर्घटना के बाद मौके पर चीख-पुकार मच गई। हादसे के समय वाहन में तीन लोग सवार थे, जिनमें से दो की घटनास्थल पर ही मौत हो गई, जबकि तीसरा व्यक्ति गंभीर रूप से घायल हो गया।
पति-पत्नी की मौत, युवक अस्पताल में भर्ती
हादसे में जान गंवाने वालों की पहचान अजय पुत्र दीवान चंद और उनकी पत्नी अंजली निवासी कट्राई, जिला कुल्लू के रूप में हुई है। वहीं, घायल युवक की पहचान अक्षय पुत्र जवाहर लाल निवासी लापसंग, केलंग, जिला लाहौल-स्पीति के रूप में हुई है।
घटना की सूचना मिलते ही पुलिस टीम मौके पर पहुंची और राहत एवं बचाव कार्य शुरू किया। घायल अक्षय को उपचार के लिए क्षेत्रीय अस्पताल केलंग पहुंचाया गया।
अस्पताल की मेडिकल ऑफिसर इंचार्ज डॉ. सुषमा स्वांगला के अनुसार, घायल युवक का उपचार जारी है और उसकी हालत खतरे से बाहर बताई जा रही है।
ब्लैक आइस बन रही हादसों की वजह
गौरतलब है कि लाहौल-स्पीति में इन दिनों कड़ाके की ठंड पड़ रही है। तापमान शून्य से नीचे जाने के कारण सड़क पर जमा पानी बर्फ की बेहद पतली और फिसलन भरी परत में बदल रहा है। इसे ब्लैक आइस कहा जाता है। यह परत कई बार सामान्य सड़क जैसी दिखाई देती है, लेकिन इस पर वाहन के टायरों की पकड़ बेहद कम हो जाती है।
पिछले कुछ दिनों से घाटी में कई स्थानों पर सड़कों पर पानी जमकर बर्फ बन रहा है। ऐसे में वाहन चालकों को खास सावधानी बरतने की जरूरत है।
सर्दियों में पहाड़ी सफर करते समय रहें सावधान
लाहौल-स्पीति में हुए इस हादसे ने एक बार फिर सर्दियों में पहाड़ी सड़कों पर सफर के खतरों को उजागर कर दिया है। बर्फ से ढकी वादियां देखने में भले ही बेहद खूबसूरत लगती हों, लेकिन सड़कों पर छिपी फिसलन कभी भी बड़े हादसे का कारण बन सकती है। ऐसे में वाहन चालकों को धीमी गति से गाड़ी चलाने और सड़क की स्थिति को देखते हुए ही सफर करने की जरूरत है।