हिमाचल

शिमला में दर्दनाक सड़क हादसा: गहरी खाई में गिरा ट्रक 26 वर्षीय चालक की मौत

हिमाचल प्रदेश के शिमला जिले में एक दर्दनाक सड़क हादसे ने पूरे क्षेत्र को झकझोर कर रख दिया। सुन्नी क्षेत्र में शनिवार देर रात एक ट्रक अनियंत्रित होकर गहरी खाई में जा गिरा। हादसा इतना भयावह था कि ट्रक चालक की मौके पर ही मौत हो गई।

जानकारी के अनुसार यह हादसा शिमला जिले के सुन्नी क्षेत्र के बड़मैन धार के पास हुआ। बताया जा रहा है कि देर रात ट्रक अचानक चालक के नियंत्रण से बाहर हो गया और सड़क से नीचे खेतों की ओर लुढ़क गया। ट्रक गिरने की तेज आवाज सुनकर आसपास के ग्रामीण मौके पर पहुंचे। नीचे का दृश्य बेहद भयावह था। ट्रक पूरी तरह पलटा हुआ था और चालक उसके नीचे दबा पड़ा था।

घटना की सूचना रात करीब डेढ़ बजे थाना सुन्नी पुलिस को दी गई। सूचना मिलते ही एएसआई बृजलाल पुलिस टीम के साथ मौके पर पहुंचे और राहत एवं बचाव कार्य शुरू किया गया। स्थानीय ग्रामीणों ने भी पुलिस का सहयोग किया।

चालक ट्रक के नीचे बुरी तरह फंसा हुआ था, जिसके चलते उसे बाहर निकालने के लिए जेसीबी और अन्य भारी मशीनों की मदद लेनी पड़ी। रात का अंधेरा और खेतों में पलटा ट्रक राहत कार्य में बड़ी बाधा बना रहा। करीब पांच घंटे की कड़ी मशक्कत के बाद चालक को बाहर निकाला जा सका, लेकिन तब तक उसकी मौत हो चुकी थी।

मृतक की पहचान 26 वर्षीय रविंद्र ठाकुर निवासी गांव शोघी, जिला शिमला के रूप में हुई है। पुलिस को उसकी पहचान ड्राइविंग लाइसेंस और आधार कार्ड से हुई, जो उसकी जेब से बरामद किए गए।

हादसे के बाद मृतक के परिवार में शोक की लहर है। स्थानीय लोगों ने भी इस दुखद घटना पर गहरा दुख जताया है। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए सिविल अस्पताल सुन्नी भेज दिया है। फिलहाल पुलिस हादसे के कारणों की जांच में जुटी हुई है।

Spread the love

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *