कांगड़ा में डेढ़ महीने बाद मिला लापता बुजुर्ग मां का कंकाल बेटों ने अवशेष देखकर की पहचान
हिमाचल प्रदेश के कांगड़ा जिले से एक बेहद दुखद और सनसनीखेज मामला सामने आया है। यहां करीब डेढ़ महीने से लापता एक बुजुर्ग महिला का शव कंकाल के रूप में मिला है। जिस मां की तलाश में बेटे दिन-रात भटक रहे थे, आखिरकार उसके बारे में ऐसी खबर मिली, जिसने पूरे परिवार को झकझोर कर रख दिया। महिला का कंकाल मिलने के बाद परिवार में मातम पसरा हुआ है, वहीं पूरे इलाके में भी इस घटना को लेकर सनसनी फैल गई है।
3 अक्टूबर से लापता थी 80 वर्षीय महिला
प्राप्त जानकारी के अनुसार, यह मामला जिला कांगड़ा के नौशहरा क्षेत्र का है। यहां रहने वाली 80 वर्षीय रंजना कुमारी पत्नी स्वर्गीय वेदांत कुमार बीते 3 अक्टूबर से अचानक लापता हो गई थीं।
मां के घर वापस न लौटने पर उनके बेटे संदीप शर्मा और अजय कुमार लगातार उनकी तलाश कर रहे थे। परिवार ने अपने स्तर पर हर संभव प्रयास किया, लेकिन बुजुर्ग महिला का कहीं कोई सुराग नहीं मिल पाया। समय बीतता गया और परिवार की चिंता लगातार बढ़ती रही।
नाले में मिला मानव कंकाल, बेटों ने की पहचान
इसी बीच बीते रविवार को पुलिस को सूचना मिली कि नौशहरा के एक नाले में मानव कंकाल पड़ा हुआ है। सूचना मिलते ही हरिपुर थाना प्रभारी पुलिस टीम के साथ मौके पर पहुंचे और घटनास्थल का निरीक्षण कर जांच शुरू की।
पुलिस ने कंकाल मिलने की जानकारी महिला के परिजनों को दी। इसके बाद मौके पर पहुंचे उनके दोनों बेटों संदीप शर्मा और अजय कुमार ने कंकाल के अवशेषों के आधार पर अपनी मां की पहचान की। मृतक महिला की पहचान 80 वर्षीय रंजना कुमारी के रूप में हुई है।
फॉरेंसिक टीम ने जुटाए साक्ष्य
मामले की गंभीरता को देखते हुए घटनास्थल पर फॉरेंसिक टीम को भी बुलाया गया। टीम ने मौके से जरूरी साक्ष्य जुटाए, ताकि मामले से जुड़े तथ्यों की जांच की जा सके।
वहीं, नाले में बुजुर्ग महिला का कंकाल मिलने की खबर जैसे ही गांव में फैली, पूरे इलाके में हड़कंप मच गया। फिलहाल इस घटना को लेकर कई सवाल खड़े हो रहे हैं। पुलिस मामले की जांच कर रही है और महिला की मौत के कारणों का पता लगाने में जुटी है।